आरएसएस की गतिविधियों पर प्रकाशित पुस्तकों का हुआ विमोचन

ग्वालियर। शहर में आरएसएस कार्यालय के विवेकानंद सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वारा अब तक किए गए कार्यों को लेकर 6 खंडों की एक पुस्तक का विमोचन बुधवार की शाम किया गया। आरएसएस को लेकर लोगों के मन की भ्रांतियां दूर करने में यह पुस्तकों का संग्रह सहायक होगा। ऐसा आरएसएस विचारकों का मानना है। आरएसएस के प्रचार विभाग की प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक एन नंद कुमार ने इस पुस्तक का विमोचन किया। उनका कहना है कि संघ के कार्यक्रम और उसके द्वारा अब तक राष्ट्रीयता के कामों की झलक इस संग्रह में दिखाई गई है। हालांकि सभी घटनाओं का जिक्र है फिर भी कई घटनाएं और कार्यक्रम ऐसे भी हैं जिन्हें आगे के संस्करणों में समाहित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नई सड़क स्थित कार्यालय के विवेकानंद सभागार में पुस्तक विमोचन के समय बड़ी संख्या में संघ से जुड़े कार्यकर्ता और विचारक मौजूद थे। प्रज्ञा प्रवाह के संयोजक एन. नंद कुमार के मुताबिक इस छह खंड की पुस्तक संग्रह में राष्ट्रीय एकात्मता, शिक्षा एवं संस्कार, सेवा एवं समर्पण, गौ ग्राम सेवा, अर्थ आयाम और धर्म रक्षा जैसे विषयों को समाहित किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक आरएसएस के बारे में जानने समझने और शोध करने वाले लोगों के लिए बेहद सहायक साबित होगी।