नूतन वर्ष 2019 का शहरवासियों ने किया पूरे जोश के साथ स्वागत

ग्वालियर। नववर्ष 2019 के आगमन का नगरवासियों ने भी धूमधाम के साथ स्वागत किया और वर्ष 2018 को विदाई दी। इस दौरान बच्चों एवं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सोमवार की शाम लोग नववर्ष के स्वागत को आतुर नजर आए। युवा अपने साथियों के साथ 2019 के स्वागत को लालायित थे तो कई लोगों की योजना परिवार के साथ नववर्ष का जश्न होटल आदि में मनाने की तैयारी थी। नूतन वर्ष के अवसर पर महानगर के होटल और रेस्तरां में विशेष साजसज्जा की गई थी। अधिकांश होटल, रेस्तरां में इस मौके पर खास आयोजन किये गए। रात 12 बजते ही लोगों का जोश चरम पर पहुच गया। डांस फ्लोर पर थिरकते कदमों के साथ लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। वहीं एक वर्ग ऐसा भी था जिन्होंने अपने घर में परिजनों के साथ लजीज व्यंजनों के चटखारे लेकर नववर्ष का स्वागत किया और सभी को शुभकामनाएं दी। इधर नववर्ष को देखते हुए मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। बड़ी तादात में लोग मन्दिर पहुचे और अपने आराध्य के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। उधर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए थे। हर चौराहे, तिराहे, व्यस्ततम मार्ग और होटलों के बाहर पुलिस के जवान तैनात थे। इस दौरान पुलिस अमला उन वाहनचालकों को सूँघता देखा गया जो सुरापान कर अपनी जान को जोखिम में डालकर परिजनों के लिए संभावित मुसीबत और जीवनभर का दुख देने को आमादा थे। हालांकि ऐसे सिरफिरों की संख्या कम ही देखने को मिली। कुलमिलाकर सभी ओर "सुरक्षित व आशीष से भरी मस्ती" रही। सीधा संवाद न्यूज़ पोर्टल की ओर से नूतन वर्ष 2019 की सम्मानीय पाठकों एवं शुभचिंतकों को हार्दिक बधाई एवं अंनत शुभकामनाएं।