बैठक लेकर अफसरों को दिखाया "प्रवीण", दक्षिण विस के विकास में मांगा सहयोग, गिनाईं अपनी प्राथमिकताएं
ग्वालियर। यातायात पुलिस वाहन चालकों के चालान काटकर वसूली में लगी है, जबकि शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। इसलिये पहले शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करो, बाद में वसूली करना। ग्वालियर दक्षिण के तेजतर्रार युवा विधायक प्रवीण पाठक एक्शन मोड में आ गए हैं। प्रवीण ने गांधी रोड सर्किट हाउस में बैठक लेकर यातायात डीएसपी को सोमवार को अपने रुख से अवगत करा दिया है। खास बात यह है कि इस बैठक में उन्होंने नगर निगम, स्मार्ट सिटी, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अफसरों से दो टूक बात कर स्पष्ट कर दिया है कि दक्षिण विधानसभा के विकास में बाधा किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक की शुरुआत में विधायक प्रवीण ने कहा कि वाहन चेकिंग के नाम पर अनावश्यक वसूली न की जाए। उन्होंने कहा कि शहर के जिन मार्गों पर यातायात का अधिक दबाव है, उनका रूट डायवर्ट कर शहरवासियों को राहत दी जाए। उन्होंने अफसरों से साफतौर पर पूछा कि वे सिस्टम से क्या चाहते हैं। जनप्रतिनिधियों से क्या अपेक्षा है और योजनाओं का क्रियान्वन कैसे हो सकता है। यहां लगना प्रश्नवाचक चिन्ह था लेकिन फुलस्टॉप लगाया गया है। क्योंकि युवा प्रवीण वर्तमान एवं क्षेत्रीय हालात से वाकिफ हैं। विधायक प्रवीण ने बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से कहा कि केआरएच,न्यूरोलॉजी का पर्चा बनवाने के लिये लोगों को माधव डिस्पेंसरी जाना पड़ता है, जिससे मरीजों को खासी परेशानी होती है। जहां का मरीज है वहीं पर्चा बनाया जाए, ताकि मरीजों को सिर्फ पर्चा बनवाने के लिये एक किलोमीटर चलकर न जाना पड़े।
इस मौके पर विधायक प्रवीण पाठक ने अफसरों को अपने विधानसभा क्षेत्र की प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि मैं क्षेत्र में लोगों से जो कमिटमेंट करके आया हूं, उसे पूरा करना आप सबके सहयोग के बगैर संभव नहीं है। उन्होंने नेहरू पार्क में कराए गए 4.5 करोड़ के काम पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास की राशि प्राथमिकताओं के आधार पर खर्च की जाए। पार्क से ज्यादा क्षेत्र के लोगों को साफ पानी उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने सवाल किया कि अमृत योजना के तहत जो पानी की टंकी बनाई गई है, उनके स्थान निर्धारण का आधार क्या है। कुलमिलाकर युवा विधायक प्रवीण पाठक ने अपने तेवर दिखाकर साफ कर दिया है कि अब उन्हें जनता को "डिलेवर" करना है। ऐसे में प्रवीण का अंदाज जनता और क्षैत्र के विकास के लिहाज से अपनी इंट्रोडक्शन मीटिंग में तो बढ़िया रहा, लेकिन उनके निर्देश कब तक और कैसे अमलीजामा पहन सकेंगे, ये फिलहाल भविष्य के गर्भ में छिपा है।