भाजपा में दो ही लोगों का राज है, एक तड़ीपार है तो दूसरा जुमलेबाज़ है : मंत्री श्री तोमर
ग्वालियर। प्रदेश के नवनियुक्त खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जुमलेबाज तो भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को तड़ीपार बताया है। मंत्री बनने के बाद पहली बार ग्वालियर पहुंचे मंत्री श्री तोमर ने कहा कि भाजपा में दो ही लोगों का राज है। इनमें एक तड़ीपार है तो दूसरा जुमलेबाज है। उनका इशारा पार्टी अध्यक्ष शाह और प्रधानमंत्री मोदी की ओर था। मंत्री श्री तोमर ने यह बातें कांग्रेस पार्टी में मचे अंतर्द्वंद के सवाल के जबाब में कहीं। उन्होंने कहा कि किसी पिता के चार बेटे होते हैं तो कभी कोई खुश होता है तो कभी कोई दुखी। लेकिन वे अलग नहीं होते। ऐसा ही कांग्रेस में है, कांग्रेस में कोई भी असंतोष नहीं है सब एक साथ है और जनता के कल्याण के लिए मिलजुल कर कदम उठा रहे हैं। उल्टे श्री तोमर ने भाजपा को कटघरे में खड़ा किया कि किस तरह प्रधानमंत्री मोदी ने वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को घर बैठा दिया है। कांग्रेस में ऐसा नहीं है यहां सब लोग प्रदेश को आगे बढ़ाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। मंत्री के रूप में श्री तोमर का भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर यह हमला बड़े मायने रखता है। इससे आने वाले समय में भाजपा नेताओं पर कांग्रेस के हमले और तेज हो सकते है।