अब राशन की दुकानों पर उपभोक्ताओं को कंकड़ युक्त खाद्य सामग्री नहीं और न ही घुना हुआ राशन मिलेगा : मंत्री श्री प्रधुम्न सिंह तोमर
ग्वालियर। प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि अब राशन की दुकानों पर कंकड़ युक्त खाद्य सामग्री उपभोक्ताओं को नहीं दी जाएगी और ना ही घुना हुआ राशन उपभोक्ताओं को मिलेगा। राशन की दुकानों पर कालाबाजारी करने वाले सचेत हो जाएं। क्योंकि वे अब मनमानी नहीं कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि वह पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर भारत के प्रभावशाली नेताओं में शुमार रहे स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के सपने को साकार करेंगे। जिसमें वे ग्वालियर को सुंदर, स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की बात कहा करते थे। उन्होंने कहा कि वे शहरवासियों की कृतज्ञता से भरे हुए हैं। इसका ऋण उतारने के लिए जी जान से जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि कंट्रोल की दुकानों पर किसी बुजुर्ग को अंगूठे के निशान नहीं आने के कारण अब लौटाया नहीं जाएगा। जितनी भी आईडी हैं उनको 100 दिनों में एक्टिवेट किया जाएगा। ताकि हर जरूरतमंद तक राशन का सामान पहुंचे। यदि परिवार के किसी सदस्य के आईडी और हस्ताक्षर से अनाज अथवा राशन देना पड़े तो दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जयारोग्य अस्पताल में एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी होगी। इसके लिए उन्होंने वरिष्ठ अफसरों से बातचीत की है। वहीं उन्होंने उम्मीद जताई कि सौ बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण जल्दी ही पूरा किया जाएगा। पूर्व सरकार ने इस पर रोक लगा रखी थी। उन्होंने कहा कि उनका फोकस सुंदर स्वच्छ और स्वस्थ ग्वालियर को लेकर है, स्वस्थ आदमी तभी रह सकता है जब उसे खाने में शुद्धता मिलेगी। इसलिए राशन की दुकानों को बेहतर बनाया जाएगा और वहां से दी जाने वाली सामग्री भी बेहतर क्वालिटी की होगी। श्री तोमर मंत्री बनने के बाद पहली बार गृहनगर आए। यहां पहुंचने के उपरांत वे सीधे सिंधिया परिवार की ऐतिहासिक छत्री पहुंचे। जहां उन्होंने अपने नेता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में शहर जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उस्थित थे। इसके बाद मंत्री श्री तोमर एक विशाल रैली के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर में घूमें और मतदाताओं का आभार जताया।