राम मंदिर निर्माण का ऐसा मौका भाजपा को फिर नहीं मिलेगा : विहिप नेता श्री तिवारी
ग्वालियर। विश्व हिंदू परिषद ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए ग्वालियर के लक्कड़ खाना स्थित हनुमान मंदिर पर एक धर्म सभा का आयोजन किया। धर्म सभा में पहले हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और फिर विजय महामंत्र के साथ अनुष्ठान किया गया। इस अवसर पर भगवान हनुमान जी से प्रार्थना की गई है कि वे अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करें और मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त करें। इस आयोजन में बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व हिंदू समाज के विभिन्न घटकों ने हिस्सा लिया। साथ ही कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु संत भी सम्मलित हुए। इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय मंत्री श्री राजेश तिवारी ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो ऐसी भावना भारत के असंख्य लोगों में हैं। 1528 से अयोध्या में राम मंदिर को लेकर लड़ाई चल रही है। 1992 में बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद यहां राम मंदिर का निर्माण जल्द से जल्द हो इसके लिए अनुष्ठान किया गया है। देश के युवाओं को भी आव्हान किया गया है कि वे अपने आराध्य के जन्म स्थान के विवाद और निर्माण में आ रही परेशानियों को समझें। उन्होंने कहा कि इस समय जिस तरह का राजनीतिक माहौल है, वह राम मंदिर के निर्माण के अनुकूल है। ऐसा बेहतर मौका भाजपा को फिर नहीं मिलेगा। भाजपा कई बार राम मंदिर निर्माण की बात कहती रही है। ऐसे में उसे इस बात की कोशिश करनी चाहिए कि या तो सुप्रीम कोर्ट के जरिए मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो अथवा संसद में कानून को पारित करके मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो। श्री तिवारी ने कहा कि ऐसा नहीं होने पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित दूसरे संगठन मंदिर निर्माण के लिए संघर्ष करते रहेंगे।