निर्भया की पुण्यतिथि पर रैली निकाल जरूरतमंद स्कूली छात्राओं को की गईं किताबें व स्वेटर वितरित

ग्वालियर। निर्भया की छठवीं पुण्यतिथि पर शहर में पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता ने बालिका संरक्षण दिवस मनाया। इस मौके पर उन्होंने एक रैली निकाली और जरूरतमंद स्कूली छात्राओं को किताबें, स्वेटर आदि का वितरण भी किया। गौरतलब है कि 30 दिसंबर 2012 को दिल्ली में 5 हैवानों की दरिंदगी का शिकार हुई निर्भया की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बालिकाओं को बचाने के मकसद से पूर्व महापौर श्रीमती गुप्ता हर वर्ष इस दिन को बालिका संरक्षण दिवस के रूप में मना रही है। अगर पूर्व महापौर की मानें तो इसके माध्यम से बालिकाओं के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना ही अब उनका मूल मकसद है। समाज के नजरिए में बदलाव के लिए महिलाओं की संस्था "बेटी है तो कल है" इस क्षैत्र में पिछले 6 सालों से काम कर रही है। पूर्व महापौर श्रीमती गुप्ता का कहना है कि उनका कोई राजनीतिक मकसद नहीं है वे सिर्फ समाज सेवा और बालिका बचाओ के लिए पिछले 6 सालों से इस मिशन से जुड़ी है। इस अवसर पर उन्होंने अपने राजनैतिक भविष्य पर कोई टिप्पणी नहीं की। इसको लेकर उन्होंने कहा है कि आगे मौका मिलने पर वे इसका खुलासा करेंगी। गौरतलब है कि भाजपा से लंबे अरसे तक जुड़ी रहीं पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी छोड़, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ग्वालियर दक्षिण से चुनाव में अपना भाग्य आजमाया था। जिसमें वे चुनाव तो नहीं जीत सकी लेकिन उन्होंने भाजपा के तत्कालीन नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह को हराने में अपरोक्ष रूप से भूमिका जरूर निभाई थी। माना जाता है श्रीमती गुप्ता के चुनाव मैदान में होने का सीधा फायदा कांग्रेस उम्मीदवार प्रवीण पाठक को मिला था और वह तत्कालीन मंत्री श्री कुशवाह को हराने में सफल हो सके थे।