मां कनकेश्वरी देवी द्वारा श्रीमद भागवत कथा 23 जनवरी से, तैयारियों को लेकर केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने ली बैठक
ग्वालियर। मां कनकेश्वरी देवी भक्ति योग वेदांत समिति ग्वालियर द्वारा ग्वालियर महानगर में मां कनकेश्वरी देवी जी के श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 23 से 29 जनवरी 2019 तक छत्री मैदान लश्कर में किया जा रहा है।कथा की तैयारियों को लेकर श्रीमद् भागवत कथा के मुख्य यजमान ग्वालियर के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मानस भवन, फूलबाग में शहर के प्रबुद्ध जनों, धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े बन्धुवर, व्यापारी व भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
इस बैठक में श्री तोमर ने मां कनकेश्वरी देवी के इस भव्य आयोजन के अंतर्गत कथा में एक-एक आहुति देने की दृष्टि से सभी लोगों से आग्रह किया कि आमजन को भी कथा की जानकारी मिले, जिससे सभी आमजन मां कनकेश्वरी देवी जी की श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कर सकें।
श्री तोमर ने कहा कि यह आप सब का आयोजन है, परम परमात्मा की इच्छा से कथा होती है हम सब निमित्त मात्र हैं। ग्वालियर में यह श्रीमद् भागवत कथा विभिन्न स्थलों पर हो चुकी है, इस बार छत्री प्रांगण में करने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर महापौर विवेक शेजवलकर, मां कनकेश्वरी देवी भक्ति योग वेदांत सेवा संघ के अध्यक्ष बाबूलाल जोशी ,तुलसी मानस प्रतिष्ठान के अध्यक्ष राकेश जादौन, उपाध्यक्ष दुष्यंत साहनी, अचलेश्वर न्यास के अध्यक्ष हरिदास अग्रवाल ,सभापति राकेश महौर उपस्थित थे।