तानसेन समारोह 2018 : आदि ब्रम्हा निराकार ....

ग्वालियर। बेहट में घनी अमराई के बीच झिलमिल नदी के किनारे सजी संगीत सभा में दरभंगा घराने के युवा ध्रुपद गायक समित कुमार ने भी अपने गायन से सुर सम्राट तानसेन को स्वरांजलि अर्पित की। कोई चार सौ साल की ध्रुपद परंपरा के संवाहक समित जी अपने परिवार की 13 वी पीढ़ी के गायक हैं। उनकी गायकी भी वही है जी तानसेन गाते थे यानी गोहरहार वाणी।बहरहाल इन्होंने अपने गायन के लिए राग तोड़ी का चयन किया । सुबह की ताजगी से भरे इस राग में उन्होंने आलापचारी के साथ चौताल में निबद्ध बंदिश पेश की। घरानेदार इस बंदिश के बोल थे - आदि ब्रह्म निराकार" समित ने इस बंदिश के कई बिम्ब प्रस्तुत किये। विविध लयकरियों के साथ गमक और मींड का बेहतरीन इस्तेमाल उनकी गायकी में दिखा।गायन को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने शूलताल में बंदिश पेश की जिसके बोल थे- साधो विद्या धर" तानसेन रचित इस पद का स्वर संयोजन स्वयं समित कुमार का था। उनके साथ पखावज पर संजय पंत आगले ने मिठास भरी संगत की।