तानसेन समारोह 2018 : आ जाओ ए मेरे भोले भंडारी....

ग्वालियर। गान मनीषी की जन्मस्थली बेहट में सजी सभा के अगले कलाकार भोपाल के युवा गायक के दामोदर राव थे । उन्होंने अपने गायन की शुरुआत राग "वैरागी भैरव" से की। आध्यात्मिक धारा के इस राग में श्री राव ने दो बंदिशें पेश की। एकताल में निबद्ध विलंबित बंदिश के बोल थे - "बिसर ना जाए" जबकि तीन ताल में द्रुत बंदिश के बोल थे -" तुम मोरी लाज रखो"। दोनों ही बंदिशें उन्होंने पूरी तन्मयता से गाईं। रागदारी की तैयारी के साथ उन्होंने राग का विस्तार करते हुए इसके कई बिम्ब प्रस्तुत किये।अपने गायन का समापन उन्होंने राग "हंसध्वनि" पर आधारित एक भजन से किया ,जिसके बोल थे -" आ जाओ ऐ मेरे भोले भंडारी"। उनके साथ तबले पर पंडित अनंत मसूरकर और हारमोनियम पर उस्ताद मजीद खान ने संगत की।