तानसेन समारोह 2018 : बेहट की फिजा में बह रहे सुरों ने कराया मखमली एहसास....

ग्वालियर। सुर सम्राट तानसेन की जन्मस्थली बेहट में सजी आठवीं संगीत सभा में बह रहे सुर मखमली अहसास करा रहे हैं। संगीत कलाकार ऐसा झूमके गा-बजा रहे हैं कि रसिक सुध-बुध खो बैठे हैं। इस साल के तानसेन समारोह के तहत यह सभा बेहट में शनिवार को भगवान भोले के मंदिर के नीचे और झिलमिल नदी किनारे घनी एवं मनोरम अमराई के बीच सजी है। यह वही जगह है जहाँ सुर सम्राट का बचपन संगीत साधना और बकरियाँ चराते हुए बीता था। लोक धारणा है कि तानसेन की तान से ही निर्जन में बना भगवान शिव का मंदिर तिरछा हो गया था। यह भी किंवदंति है कि 10 वर्षीय बेजुबान बालक तन्ना उर्फ तनसुख भगवान भोले का वरदान पाकर संगीत सम्राट तानसेन बन गया। सभा की शुरुआत तानसेन स्मारक कला साधना केंद्र बेहट के विद्यार्थियों के द्रुपद गायन से हुई।उन्होंने राग भैरव में चौताल में निबद्ध बंदिश पेश की जिसके बोल थे- सकल बन छायो। विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से ये बंदिश पेश की। सभा की अगली प्रस्तुति में ग्वालियर के जवां साल कलाकार सलमान खान ने मंच संभाला। उदीयमान सारंगी वादक सलमान ने अपने वादन के लिए राग अहीर भैरव का चयन किया। इस राग में उन्होंने दो बंदिशे पेश कीं।विलंबित बंदिश एक ताल ओर द्रुत बंदिश तीनताल में निबद्ध थी।गायकी अंग पर आधारित सलमान का वादन नफासत भरा था।उनके साथ तबले पर अब्दुल हनीफ ओर शाहरुख खान ने बेहतरीन संगत का मुजाहिरा पेश किया। जवकि तानपुरे पर पूर्वा निगुडकर ने साथ दिया।