मंत्रिमंडल के सदस्यों को जल्दी ही विभागों का बंटवारा होगा - सिलावट
ग्वालियर। कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि मंत्रिमंडल गठन को लेकर कांग्रेस में कोई असंतोष नहीं है। कमलनाथ मंत्रिमंडल में सभी का ध्यान रखा गया है और जो बातें सामने आ रही है उन्हें भी एक-दो दिन में ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल के सदस्यों को जल्दी ही विभागों का बंटवारा होगा। सिलावट ने उम्मीद जताई कि शुक्रवार देर शाम तक यह बंटवारा होने की संभावना है। 15 साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस के कुछ जीते हुए विधायकों ने खुद को मंत्रिमंडल में जगह नहीं दिए जाने पर असंतोष जताया है। मुरैना के वरिष्ठ विधायक ऐदल सिंह कंसाना पिछोर विधायक केपी सिंह और बिसाहू लाल मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने पर कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात करने की कोशिश में दिल्ली पहुंच चुके हैं। बीजेपी ने 3 दिन बाद भी मंत्रियों को विभागों का बंटवारा नहीं होने पर चुटकी है ।चुटकी के बारे में तुलसीराम सिलावट से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमें बीजेपी के प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है जनता उन्हें प्रमाण पत्र दे चुकी है और बीजेपी के नेता अब घर बैठे। सिलावट कुछ समय के लिए ग्वालियर आए थे। वे कांग्रेस कार्यालय पहुंचे जहां उनका स्वागत किया गया इसके बाद वे हाई कोर्ट जस्टिस रहे एनके मोदी के निवास पर भी गए।