तानसेन समारोह 2018 : टर्की और जर्मनी के आध्यात्मिक संगीत से सुर सम्राट को स्वरांजलि....

ग्वालियर। सात समंदर पार जर्मनी और टर्की से आए प्रतिष्ठित संगीत साधकों ने अपने गायन- वादन से वही संदेश दिया जो भारतीय शास्त्रीय संगीत में समाया है। वह आध्यात्मिक संदेश है प्रेम, शांति, मानव कल्याण और सुरों के माध्यम से ईश्वर से साक्षात्कार। टर्की से तानसेन समारोह में प्रस्तुति देने आईं वहाँ की मूर्धन्य गायिका निलगम अक्साय और जर्मनी के माल्टे स्ट्वीक व जॉनेस क्रिस्टेन ने संयुक्त रूप से टर्की का पारंपरिक संगीत प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति में टर्की के विशेष वाद्य "साज" से निकली मीठी मीठी धुनों ने रसिकों पर जादू सा असर किया। टर्की के इस वाद्य को आध्यात्मिक वाद्य कहा जाता है। वहां के प्रसिद्ध सन्त अलवी इसी यंत्र को बजाकर ईश्वर की आराधना करते थे। टर्की का संगीत भी बहुत कुछ भारतीय शास्त्रीय संगीत के समान हैं। भारतीय संगीत में जहाँ रागों के आधार पर गायन-वादन होता है वहीं टर्की संगीत में " मकाम" को आधार बना कर संगीत साधक गायन-वादन करते हैं। साज से निकल रहीं मधुर धुनों के बीच योरोपियन साधकों ने टर्की की आध्यात्मिक रचनाएं पेश की। इस प्रस्तुति की संयोजक श्रीमती स्मिता नागदे ने बताया कि टर्की के एनेटोलिया राज्य में से इस संगीत धारा का जन्म हुआ है तानसेन समारोह की आज की शाम की सभा का आगाज ध्रुपद केंद्र ग्वालियर के विद्यार्थियों के ध्रुपद गायन से हुआ।राग हंसध्वनि के सुरों और सूलताल के पैमाने पे सजी बंदिश - लोचन लाल चुनरी लाल " को विद्यार्थियों ने बेहद सलीके से गाया। शुरू में आलाप जोड़ झाला की प्रस्तुति भी माधुर्यपूर्ण रही। प्रस्तुति केंद्र के गुरु अभिजीत सुखदाने के मार्गदर्शन में तैयार की गई थी। इसमें प्रख्यात कलाकार संजय पंत आगले ने पखावज पर मिठास भरी संगत की।