तानसेन समारोह 2018 : आली री सघन घन लागी ....
ग्वालियर। दानेदार, बुलंद और सुरीली आवाज में जब सुश्री मोवना रामचंद्र ने राग "बागेश्री" और अद्धा तीन ताल में निबद्ध बंदिश " आली री सघन घन लागी" पेश की तो प्रांगण घरानेदार गायकी से गुंजायमान हो उठा। बैंगलोर से आईं युवा पीढ़ी की शास्त्रीय गायिका सुश्री मोवना ने इससे पहले इसी राग और विलंबित एक ताल में बड़ा ख्याल "कौन गत भई" का सुमधुर गायन किया। उन्होंने अपने गायन को आगे बढ़ाते हुए द्रुत तीन ताल में तराना पेश किया। कबीर के प्रसिद्ध निर्गुणी भजन " घट घट में पंक्षी बोलत" की प्रस्तुति के साथ अपने गायन को विराम दिया। सुश्री मोवना ने ग्वालियर घराने की सुप्रसिद्ध गायिका श्रीमती बीना सहस्त्रबुद्ध बुद्धे और धारवाड़ के स्व पंडित अर्जुनसानकोड से संगीत की शिक्षा प्राप्त की है। वे मूलतः इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर हैं। उनकी आज की प्रस्तुति में तबले पर श्री अनिल मोघे और हारमोनियम पर श्री विवेक बंसोड़ की संगत काबिले तारीफ रही।