तानसेन की वारगाह पर दो तहजीबों के सुरों का संगम
ग्वालियर। सुदूर देश आर्मीनिया से आए नाद ब्रह्म के साधकों ने जब अपने मुल्क की धुनें पेश कीं तो ऐसा लगा कि मानो संगीत सम्राट तानसेन की वारगाह पर दो तहजीबों के सुरों का संगम हो गया है। आर्मीनिया के ख्याति प्राप्त कलाकार श्री आर्सेन पेट्रोजियान ने अपने देश के वाद्य दुदुक और उनके साथी कलाकारों ने ताल वाद्य दहोल से मीठी मीठी धुनें निकाली। दुदुक वाद्य बहुत कुछ भारतीय बाँसुरी और दहोल भारतीय ढोलक की तरह बजाया जाता है। लगभग साढ़े तीन हज़ार वर्ष पुराने आर्मीनिया का संगीत भी उतना ही पुरातन है। वहां का संगीत पश्चिम के बजाय भारत के ज्यादा नज़दीक है।
आर्मीनिया ग्रुप के साथ आईं सितार वादिका सुश्री स्मिता नागदेव ने बताया कि 17 वी शताब्दी में आर्मीनियाई संगीतज्ञ समातनोवा भारतीय शास्त्रीय संगीत का अध्ययन करने भारत आए थे। इसिलए आर्मीनियाई संगीत पर भारतीय प्रभाव स्पष्ट झलकता है।
आर्मीनिया के संगीत में एक वाद्य से सुर तो दूसरे से रचना प्रस्तुत होती है। आर्मीनिया ग्रुप की प्रस्तुति में श्री शॉक गैस्प्रियान और श्री एविटिस केयोसियान ने संगत की।