हिंदुस्तानी और पर्सियन संगीत के मिलन से सर्दी का एहसास भूले रसिक
ग्वालियर। संगीत शिरोमणि तानसेन की याद में आयोजित हो रहे सालाना महोत्सव "तानसेन समारोह" में बुधवार की शाम कड़ाके की सर्दी की गिरिफ्त में है। ऐतिहासिक अस्सी खंभे की बावड़ी की थीम पर बने भव्य एवं आकर्षक मंच पर जब भारतीय शास्त्रीय संगीत और विश्व संगीत का समागम हुआ तो रसिक सर्दी का एहसास भूल गए हैं।
सांध्य कालीन सभा का आगाज़ राजा मान सिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं आचार्यों द्वारा प्रस्तुत ध्रुपद गायन से हुआ है । राग यमन में तानसेन रचित ध्रुपद रचना के बोल थे " दया कर दानी"।
/ईरानी सहतार- की जुगलबंदी ने बांधा समा/
पर्सिया(ईरान) से भारत का पुरातनकाल से नाता रहा है। ईरान से आये संगीत साधकों ने जब अपने वाद्य यंत्रों से गान मनीषी तानसेन को स्वरांजलि अर्पित की तो इन रिश्तों की मिठास ताजा हो गई।
ईरान के हमनबाजार ग्रुप द्वारा प्रस्तुत ईरानी वाद्य सहतार और कमांचे की जुगलबंदी से पर्सियन क्लासिकल म्यूजिक के सुरीले सुरों के सोते फुट पड़े। इस ग्रुप द्वारा पर्सियन क्लासिकल म्यूजिक की विधा " बयाते तुर्क सूर" की प्रस्तुति दी गई।
दुनियाभर में विख्यात कुर्दिश म्यूजिशियन श्री अर्देशिर कामकर ने ईरानी वाद्य खमांचे और श्री बेहदाद बाबई ने सहतार का वादन किया। उनके साथ टुम्बक पर जनाब फकरुद्दीन गफ़्फ़ारी ने टुम्बक से संगत की।
भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं पर्शियन क्लासिकल म्यूजिक में काफी समानताएं हैं। ईरानी म्यूजिशियन का मानना है कि उनके यहाँ के सहतार वाद्य से ही हिंदुस्तानी सितार का सृजन हुआ है। इसी तरह वहां का कमांचे बहुत कुछ हिंदुस्तानी सारंगी की तरह है। तानसेन समारोह में प्रस्तुति देने आए संगीत साधकों ने बताया कि भारतीय शास्त्रीय संगीत में जहाँ गायन-वादन में एक बार में एक राग का उपयोग होता है वहीं पर्सियन क्लासिकल म्यूजिक में कई सुर एक साथ गाये- बजाए जाते हैं।
ईरानी म्यूजिशियन अर्देशिर कामकर के पिता ईरान में उसी तरह सम्माननीय और विख्यात हैं जिस तरह हिंदुस्तान में उस्ताद अलाउद्दीन खां साहब।