ऑटो रिक्शा चालक संघ का विशाल धरना, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना
ग्वालियर। 12 सूत्रीय मांगों को लेकर ऑटो रिक्शा चालक संघ ग्वालियर ने फूलबाग चौराहे पर बुधवार को विशाल धरना दिया। इस दौरान धरना देने वालों ने शासन एवं प्रशासन पर मनमानी किये जाने का आरोप लगाया है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ऑटो चालक बुधवार को बड़ी संख्या में फूलबाग चौराहे पर एकत्र हुए और अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया। इस एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में शामिल ऑटो चालकों की मुख्य मांगों में शासन ऑटो रिक्शा एवं विक्रम टेम्पो को 4 माह के अस्थायी परमिट के स्थान पर 5 वर्ष का स्थायी परमिट दे, ऑटो रिक्शा व विक्रम टैम्पो वाहनों की मॉडल कंडीशन 15 वर्ष की जाए, ऑटो रिक्शा की अधिकता के मद्देनजर नवीन रजिस्ट्रेशन बंद किये जायें, चैकिंग के दौरान रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस एवं लाइसेंस की छायाप्रति को मान्य किया जाए आदि शामिल हैं। ऑटो रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष श्री महावीर सिंह किरार ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर 14 जनवरी तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वह 15 जनवरी को तीन दिवसीय चक्का जाम हड़ताल को बाध्य होंगे। धरना देने वालों में उमाशंकर चौरसिया, धनंजय मिश्र, ब्रह्मापाल कुशवाह, भीमा चौहान, इस्तियाक खान, बुंदू खान, प्राण, कमल माहौर सहित बड़ी संख्या में शहर के ऑटो रिक्शा एवं विक्रम टैम्पो के चालक उपस्थित थे।