नगर निगम ने झांसी रोड से हटाए आधा सैकड़ा अतिक्रमण

ग्वालियर। शहरी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ताबड़तोड़ कार्यवाही कर रहा है। ऐसे अतिक्रमणों में स्थाई एवं अस्थाई बेजा कब्जे शामिल हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को झांसी रोड से अतिक्रमण हटाये गए। इस दौरान नगर निगम के अमले ने उपायुक्त एपीएस भदौरिया के नेतृत्व में माधवनगर से साइंस कॉलेज तक कार्रवाई की। निगम के अमले ने यहां जबरन अतिक्रमण कर झोपड़ी बनाये बैठे लोगों से उनकी गृहस्थी का सामान हटाने के निर्देश दिए और फिर एक-एक कर उनकी झोपडिय़ां तोड़ दीं। इसके अलावा नगर निगम अमले ने इसी क्षेत्र में जगह जगह सड़क घेरकर बैठे चाय की गुमटी वाले और वाहन पंचर की दुकानों को भी हटा दिया। कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे नगर निगम उपायुक्त एपीएस भदौरिया ने बताया कि सड़क किनारे लोगों ने झोपडिय़ां बना ली है, जिससे यातायात यातायात बाधित होता है साथ ही ये लोग सड़कों पर गंदगी भी करते हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में 48 झोपडिय़ां और 8 चाय की गुमटी और पंचर दुकाने हटाई गई हैं, जल्दी ही ऐसी ही कार्रवाई भिंड रोड और थाटीपुर क्षेत्र में भी की जाएगी। कार्रवाई में भवन अधिकारी वीरेंद्र शाक्य, मदाखलत अधिकारी महेंद्र शर्मा, क्षेत्रीय अधिकारी (13) शुभम तिवारी और पुलिस बल मौजूद था।