सफलता की कहानी : जब टीव्ही के समाचार सुनकर रामाधार घर की तरफ दौड़े

ग्वालियर। रामाधार ने टीव्ही पर जैसे ही मुख्यमंत्री कमलनाथ को यह कहते सुना कि सरकार ने किसानों का 2 लाख रूपए तक का कृषि ऋण माफ करने का फैसला किया है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वे दौड़े-दौड़े घर पहुँचे और धर्मपत्नी से कहा कि अब अपने बच्चों की पढ़ाई में धन की बाधा नहीं आयेगी। 
 
जिले के ग्राम बरई निवासी कृषक रामाधार सिंह कौरव शुरू से ही अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर सजग रहे। खुद खेती-किसानी की वजह से गाँव में ही रहे, मगर बच्चों की पढ़ाई शहर में कराई। उनके दो बेटे ग्वालियर में विज्ञान विषय से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। पिछले दो साल से फसल ठीक न होने से बच्चों की पढ़ाई का खर्चा उठाने में उन्हें खासी दिक्कत आ रही थी। ऊपर से खेती के लिये लिया गया ऋण धीरे-धीरे बढ़कर 2 लाख तक पहुँच गया। रामाधार दिन-रात इसी उधेड़बुन में रहते कि कैसे भी कुछ कर्जा पट जाए और बच्चों की पढ़ाई भी न रूके। 
 
मध्यप्रदेश में नई सरकार बनने के बाद उन्हें उम्मीद तो थी पर ये भरोसा नहीं था कि उनकी उम्मीद इतनी जल्दी परवान चढ़ जायेगी। रामाधार कहते हैं कि नए मुख्यमंत्री ने हमें महाजन के कर्ज में डूबने से बचा लिया। ग्राम बरई के सीमांत कृषक होतम सिंह व रामेश्वर सिंह भी कर्ज माफी की घोषणा से फूले नहीं समा रहे हैं। इन दोनों पर लगभग 15 - 15 हजार रूपए का कृषि ऋण हो गया था, जो अब सरकार ने माफ कर दिया है। 
 
रामाधार भावुक होकर कहते हैं कि नई सरकार ने तो हमारी सारी परेशानियां दूर कर दी हैं। अब हमारे बेटे अच्छे से पढ़ेंगे और आगे की खेती के लिये हमें प्राथमिक सहकारी संस्था बरई से खेती के लिये कर्जा भी मिल जायेगा, क्योंकि अब हम डिफॉल्टर किसान नहीं रहे हैं। 
 
हितेन्द्र सिंह भदौरिया, लेखक