ऐसी रणनीति बनाएं, जिससे कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे - कलेक्टर
ग्वालियर। रूबेला - मीजल्स टीकाकरण अभियान के लिए ऐसी रणनीति बनाएं, जिससे एक भी बच्चा टीकाकरण से छूटे नहीं। सरकारी व निजी स्कूलों तथा आँगनबाड़ी केन्द्रों पर विशेष फोकस करें और शतप्रतिशत बच्चों को टीके लगवाएं। यह निर्देश कलेक्टर श्री अशोक कुमार वर्मा ने रूबेला-मीजल्स टीकाकरण अभियान के क्रियान्वयन को लेकर आयोजित हुई टास्क फोर्स कमेटी की बैठक में दिए।
मालूम हो सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को मीजल्स और घातक बीमारियों से बचाने के लिये 15 जनवरी से रुबेला-मीजल्स टीकाकरण (एमआर वैक्सीन) अभियान चलाया जायेगा। बच्चों का भविष्य स्वस्थ और सुरक्षित करने के लिये माता-पिता से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों को ये टीके जरूर लगवाएं। अभियान के तहत बालक-बालिकाओं को दाएँ बाजू में पीड़ारहित टीका लगाकर जानलेवा बीमारियों से बचाया जायेगा।
कलेक्टर श्री वर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना समन्व्यक को निर्देश दिए कि वे संकुल प्रभारियों की बैठक लेकर उन्हें इस अभियान के बारे में जानकारी दें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि टीकाकरण दिवस को सभी बच्चे स्कूल में अनिवार्यत: उपस्थित रहें। कलेक्टर ने किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर करने के लिये खासतौर पर निजी स्कूलों में बाल रोग चिकित्सकों से काउंसलिग कराने को कहा। उन्होंने कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास को भी हिदायत दी कि आँगनबाड़ी केन्द्रों में दर्ज हर बच्चे को टीके लगवाए जाएं। कलेक्टर ने जिला टीकाकरण अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ताकीद किया कि वे इस अभियान की अगुआई करें और समन्वय बनाकर प्रभावी ढंग से टीकाकरण कार्य कराएं। उन्होंने सभी बीएमओ से सक्रिय होकर इस अभियान को सफल बनाने की हिदायत दी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ. एम एस राजावत ने बैठक में जानकारी दी कि रुबेला वायरस के संक्रमण से महिलाएँ बार-बार गर्भपात का शिकार होती हैं। यदि ये महिलाएँ गर्भवती हो भी जाती हैं, तो वे या तो मृत शिशु को जन्म देती हैं या गर्भस्थ शिशु अविकसित, कुछ न कुछ शारीरिक दोष जैसे दिल में छेद, शरीर का कोई भाग न होना या मानसिक अथवा शारीरिक रूप से बाधक होना होता है। शिशु के साथ माता-पिता का भी जीवन कष्टदायक हो जाता है। जिस बच्चे को बड़े होकर माता-पिता का सहारा बनना होता है, वही जीवनभर के लिये माता-पिता पर आश्रित हो जाता है।
इसी तरह मीजल्स या खसरा भी घातक बीमारी है। मीजल्स स्वयं इतना खतरनाक नहीं है, जितने इसके दुष्परिणाम जैसे अंधापन, मस्तिष्क में सूजन, निमोनिया और डायरिया। पीड़ित बच्चा कुपोषण का शिकार हो जाता है। कई बार बच्चे की मृत्यु तक हो जाती है। पूरे विश्व में मीजल्स से होने वाली 30 प्रतिशत बाल मृत्यु भारत में होती है।
उन्होंने बताया कि इन दोनों घातक बीमारियों को एम.आर. वैक्सीन (मीजल्स-रुबेला टीका) से रोका जा सकता है। अभियान के लिये मैदानी अमले को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ब्लॉक मेडिकल ऑफीसर को शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिये संकल्प दिलाया गया है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मृदुल सक्सेना, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ए के गुप्ता, बाल चिकित्सक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुभाष धोण्डे, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिगण, बीएमओ तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।