जम्मू कश्मीर : आतंकियों के एनकाउंटर पर भड़का पुलवामा, सुरक्षा बलों पर पत्थरबाजों का हमला, फायरिंग में 7 स्थानीय नागरिकों की मौत

पुलवामा। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच शनिवार सुबह हुए एनकाउंटर के बाद पुलवामा में तनाव का माहौल है। सुरक्षाबलों और स्थानीय लोगों के बीच हुए संघर्ष में सात स्थानीय लोगों की मौत खबर है। इनमें इंडोनेशिया से एमबीए की डिग्री लेकर लौटा आबिद भी शामिल बताया जा रहा है। फिलहाल, इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है। यहां बता दें, पुलवामा के खारपुरा में सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया था। दोनों ओर से हुई फायरिंग में सुरक्षाबलों ने हिज्बुल कमांडर जहूर ठोकर को उसके दो साथियों के साथ मार गिराया। इस एनकाउंटर में एक जवान शहीद हो गया। एनकाउंटर के दौरान ही सुरक्षाबलों और स्थानीय लोगों के बीच संघर्ष हो गया और पत्थरबाजी भी हुई। सुरक्षाबलों की ओर से अपने बचाव में की गई कार्रवाई के दौरान सात स्थानीय नागरिकों की मौत हो गई है। इसके बाद पूरे पुलवामा और उसके आस-पास के गांवों में तनाव का माहौल है। पहले खबर थी कि आठ नागरिकों की मौत हुई है, लेकिन बाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि कुल 7 लोगों की मौत हुई है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।