अनूठी पहल : भगवान के चरणों में अर्पित फूलों से बनेगी सुगन्धित अगरबत्ती और जैविक रंग
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 के तहत ठोस कचरा प्रबंधन की कड़ी में अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। जिसमें प्रमुख है कि भगवान के श्री चरणों में चढने वाले आस्था के पुष्प अब गंदगी में नहीं जाएंगे। उनका इस्तेमाल सुगंधित अगरबत्ती एवं जैविक रंग बनाने के अलावा महिलाओं को रोजगार मुहैया कराने में किया जाएगा।
उपायुक्त श्री देवेन्द्र सुन्दरियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस नवाचार के प्रथम चरण में भगवान अचलनाथ और सांई बाबा को जो श्रद्वा के फूल चढाये जाते है वे अब अगरबत्ती बनकर महकेेंगे। नगर निगम द्वारा इस दिशा में अनुठी पहल की गई है जिससे आस्था के फूल अब कचरे में नही जायेंगे। उन फूलों से अगरबत्ती बनाने वाली महिलाओं को रोजगार भी प्राप्त होगा। भविष्य में शहर के सभी मंदिरों से फूल एकत्र कर यह कार्य बडे स्तर पर किया जाएगा।
श्री सुन्दरियाल ने बताया कि अचलेश्वर मन्दिर पर सोमवार को करीबन 4 कुण्टल फूल निकलते है लगभग इतने ही फूल गुरूवार को सांई बाबा मन्दिर पर भी निकलते है। इसके अलावा अन्य दिनो में भी 50 किलो से एक कुण्टल तक फूल इन मन्दिरों से निकलते है। इन फूलो को एकत्रित करने के लिये नगर निगम ने एक वाहन लगाया है। जो फूलों को एकत्रित कर के मांडरे की माता के समीप स्थित सामुदायिक भवन में ले जाता है। जहां इन्हें छत पर सुखाया जा रहा है। इन फूलों को सूखने में एक सप्ताह का समय लगेगा। फिर स्व सहायता समूह की महिलाएं इन फूलों को छांटती हैं। जो फूलों से कचरा बाहर कर देती है और अच्छे फूलों को अलग निकाल लेती है। इन्हीं फूलेा से अगरबत्ती बनायी जायेगी। सूखने पर इन्हें पीसा जायेगा उसके बाद इनमें अन्य सुगंधित पदार्थ मिलाकर अगरबत्ती बनायी जायेगी।
अगरबत्ती बनाने के लिए महिलाओं को दिया प्रशिक्षण
उपायुक्त श्री सुन्दरियाल ने बताया कि फूलों से अगरबत्ती बनाने के लिये चलो गाॅव की ओर संस्था द्वारा महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट अभी सिर्फ प्रयोग के तौर पर शुरू किया गया है जब अगरबत्ती बनना शुरू होगी। तब यह आंकलन किया जायेगा कि महिलाओ के परिश्रम के एवज में इससे उन्हे कितना आर्थिक लाभ हो रहा है। उसी के आधार पर उक्त प्रोजेक्ट को आगे बढाया जायेगा।
भगवान को अर्पित किये जानें वाले फूलो को लेकर सदा ही असंजस की स्थिति रहती थी। क्योकि देवो के शीश पर अर्पित फूलो को जानबूझकर कचरे में नही फैका जा सकता। इसीलिये नगर निगम की इस पहल से मन्दिर प्रबंधन भी काफी खुश है। क्योकि आस्था के यह फूल फिर से रिसाईकिल होकर अगरबत्ती बनकर महकेंगे।