टी-18 ट्रेन का संचालन नई दिल्ली-भोपाल के मध्य किया जाए ; चेम्बर ऑफ कॉमर्स

ग्वालियर । रेलवे द्वारा देश में बनी पहली हाई स्पीड ट्रेन-18 का संचालन नई दिल्ली-भोपाल के मध्य शताब्दी एक्सप्रेस के स्थान पर किए जाने का निर्णय पूर्व में लिया गया था, परन्तु अब राजनैतिक कारणों से उक्त ट्रेन को नई दिल्ली-भोपाल के स्थान पर नई दिल्ली-बनारस के मध्य प्रारम्भ किए जाने की तैयारी के विरोध में चेम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा गुरूवार को केन्द्रीय रेल मंत्री श्री पीयूष गोयल सहित ग्वालियर, दतिया, झाँसी, विदिशा एवं भोपाल के सांसदों को पत्र लिखकर, टी-18 ट्रेन का संचालन नई दिल्ली-भोपाल के मध्य ही किए जाने की पुरजोर माँग की गई है। चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने उक्ताशय की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। 
 
चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष यश कुमार गोयल, उपाध्यक्ष सुरेश बंसल, मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव जगदीश मित्तल एवं कोषाध्यक्ष गोकुल बंसल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में अवगत कराया है कि रेलवे बोर्ड द्वारा टी-18 ट्रेन को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक ले जाने की तैयारी चल रही है, जबकि पूर्व में इस ट्रेन का संचालन नई दिल्ली-भोपाल के मध्य किए जाने पर सहमति थी क्योंकि उक्त आधुनिक ट्रेन की स्पीड लगभग 180 कि.मी. प्रति घंटा है और वर्तमान में इस गति के अनुकूल देश में एक मात्र रेलवे ट्रेक नई दिल्ली-भोपाल के मध्य ही उपलब्ध है । यानि की तकनीकि दृष्टिकोण से टी-18 ट्रेन का संचालन वर्तमान में केवल नई दिल्ली-भोपाल के मध्य ही किया जाना संभव है । बावजूद इसके उक्त ट्रेन का संचालन नई दिल्ली-वाराणसी के मध्य केवल इसलिए किया जाना कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है । औचित्यहीन है क्योंकि नई दिल्ली-भोपाल के मध्य वर्तमान में जो शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन संचालित हो रही है, उसके अधिकांश कोच काफी पुराने हो चुके हैं और उन्हें बदला जाना अतिआवश्यक है । इसलिए पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा दिनांक 30 अक्टूबर को एक प्रेस नोट जारी करके कहा गया था कि दि. 25 दिसंबर,18 को स्व. श्री अटलबिहारी वाजपेयी जी के जन्म दिवस पर टी-18 ट्रेन का शुभारम्भ भोपाल-नई दिल्ली के मध्य किया जाएगा । इस हेतु भोपाल से दिल्ली के मध्य इस ट्रेन का ट्रायल भी किया जा चुका है ।
 
पदाधिकारियों ने बताया है कि चेम्बर द्वारा प्रेषित पत्रों में उल्लेख किया गया है कि रेलवे द्वारा ग्वालियर अंचल सहित इस क्षेत्र से गुजरने वाली आधुनिक एवं तीव्र गति से संचालित होने वाली टी-18 ट्रेन का संचालन आगामी 25 दिसम्बर से नई दिल्ली-भोपाल के मध्य प्रारम्भ किया जाए । इस हेतु रेलवे बोर्ड को निर्देश जारी किए जाएँ क्योंकि ग्वालियर माननीय पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व. श्री अटलबिहारी वाजपेयी जी का जन्म स्थल है और माननीय स्व. श्री अटल जी के जन्म दिवस पर यदि इस ट्रेन का शुभारम्भ इस ट्रेक पर किया जाता है, तो अवश्य ही रेल मंत्रालय की यह एक सच्ची श्रद्धांजलि माननीय स्व. श्री अटलीजी को होगी ।
चेम्बर ने केन्द्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल सहित सांसदगणों, सर्वश्री नरेन्द्र सिंह तोमर, डॉ. भागीरथ प्रसाद, सुश्री उमा भारती, श्रीमती सुषमा स्वराज एवं श्री आलोक संजर को पत्र प्रेषित कर माँग की है कि ग्वालियर अंचलवासियों सहित आगरा एवं भोपाल अंचल के लाखों नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए, टी-18 ट्रेन का संचालन आगामी 25 दिसंबर से नई दिल्ली-भोपाल के मध्य किया जाए। पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की है कि रेल मंत्रालय मध्य क्षेत्र के नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए अवश्य ही टी-18 ट्रेन की सौगात उपलब्ध कराएगा।