जी आर मेडिकल कॉलेज के नए डीन डॉ भरत जैन ने संभाला कार्यभार, कहा-एक हज़ार बिस्तर वाले अस्पताल को जल्दी शुरू कराना होगी प्राथमिकता
ग्वालियर। ग्वालियर चंबल संभाग के सबसे बड़े जयारोग्य चिकित्सालय समूह और गजरा राजा मेडिकल कॉलेज के नवनियुक्त डीन डॉ भरत जैन ने बुधवार दोपहर अपना पदभार ग्रहण कर लिया ।उन्होंने पूर्व डीन डॉक्टर एसएन अयन्गर से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ग्वालियर स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में पीछे हैं लेकिन 1000 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण उनकी प्राथमिकता में शामिल है। इसे शुरू कराने के लिए वे अभी से कोशिश शुरू कर रहे हैं। ग्वालियर पॉटरीज की जमीन पर बनने जा रहे 1000 बिस्तरों वाले अस्पताल की कुछ जमीन परिवहन कार्यालय के पास है जबकि शासन ने अस्पताल के लिए इस जमीन का मेडिकल कॉलेज को अधिग्रहण दे दिया है। इसलिए आरटीओ से अपने हिस्से की जमीन लेकर यहां जल्द से जल्द निर्माण कर शुरू कराना उनका मकसद है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भी अगले तीन-चार महीनों में शुरू हो जाएगा ।यहां रिक्रूटमेंट का काम तेजी से चल रहा है। कुछ टेक्निकल और फिनिशिंग का काम रह गया है जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा ।उन्होंने कहा कि 18वीं शताब्दी में जयारोग्य अस्पताल बना था उसके बाद थोड़ा बहुत काम न्यूरोलॉजी न्यूरो सर्जरी और हाल ही में कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट में हुआ है। लेकिन अभी भी बहुत काम होना बाकी है। 1000 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण होने से ग्वालियर चंबल संभाग के मरीजों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।