जेल परिसर में किए जा रहे हैं स्वच्छता के नवाचार

ग्वालियर। केन्द्रीय जेल परिसर ग्वालियर में नगर निगम के साथ कदम से कदम मिलाकर स्वच्छता के नवाचारों को लेकर कार्य किया जा रहा है। जिसमें जेल परिसर में खाद्य कचरे से जैविक खाद बनाई जा रही है एवं गोबर की लकडी बनाई जा रही है। उक्त कार्य का निरीक्षण बुधवार को नगर निगम के क्लस्टर अधिकारी श्री एपीएस जादौन ने जेल सुपरीडेन्ट के साथ किया।
      निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जेल में अभी गोबर से लकडी बनाने का कार्य किया जा रहा हैं तथा ग्रीन कचरे एवं खाद्य कचरे से खाद बनाने के लिए नाडेफ टांका बनाकर खाद बनाने का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही जेल प्रबंधन द्वारा निगम अधिकारियों से गाय के मूत्र से गोनाइल बनाने की तकनीक के बारे में जानकारी चाही जिसको लेकर अधिकारियों द्वारा शीघ्र ही इस संबंध में प्रशिक्षण दिलाये जाने का आश्वासन दिया गया।
       निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में कैदियों द्वारा श्रमदान कर सफाई की गई तथा पाॅलीथिन उठाई गई। निरीक्षण के दौरान जेल सुपरडेन्ट श्री मनोज कुमार साहू, असिस्टेंट जेलर श्री प्रभात कुमार, क्लस्टर अधिकारी श्री एपीएस जादौन, क्षेत्राधिकारी श्री राजेन्द्र शर्मा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्री कृष्ण शर्मा एवं ब्रांड एम्बेसडर स्वच्छता श्रीमती नेहा पटेल उपस्थित रहीं।