"जले को आग कहते हैं और बुझे को राख कहते हैं, जिसके काले कारनामों के सबूत जल जाएं उसे भाजपा कहते हैं" ; ज्योतिरादित्य सिंधिया
रतलाम/ग्वालियर। कांग्रेस की प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया चुनावी आमसभा में अलग-अलग अंदाज में शिवराज सरकार पर चुटकी लेते नजर आ रहे हैं। बुधवार को जावरा विधानसभा क्षेत्र के रिंगनोद में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने शिवराज सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि "जले को आग कहते हैं और बुझे को राख कहते हैं, जिसके काले कारनामों के सबूत जल जाएं उसे भाजपा कहते हैं"। इससे पहले सभा को संबोधित करते हुए सिंधिया भावुक हो गए। उन्होंने दिवंगत कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह कालूखेड़ा को याद करते हुए उन्हें अपना राजनीतिक मार्गदर्शक बताया और कहा कि महेंद्र सिंह जी के अधूरे कार्य पूरे करने के लिए सिंधिया परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा है। इस अवसर पर सिंधिया ने शिवराज सिंह चौहान के एक विज्ञापन के कुछ बोल मजाकिया अंदाज में सुनाकर लोगों की जमकर तालियां बटोरीं। मालूम हो कि दिवंगत कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह कालूखेड़ा सिंधिया परिवार के करीबी रहे हैं और इस बार उनके अनुज के के सिंह कालूखेड़ा को चुनाव मैदान में उतारा गया। इसी वजह से जावरा विस सीट सिंधिया के लिए बेहद महत्त्वपूर्ण है। बताया गया है कि सिंधिया की इस क्षेत्र में अब तक तीन सभाएं हो चुकीं हैं जो उनकी क्षैत्र विशेष में सक्रियता की ओर इशारा करती हैं।