"जिसे आप पप्पू पप्पू कहते थे उसने आपकी नानी याद दिला दिया है" ; कन्हैया कुमार
ग्वालियर। संविधान बचाओ यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत करने आये जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार पर एक युवक ने स्याही उड़ेलकर अपना विरोध दर्ज कराया। आरोपी युवक को पुलिस ने पकड़ लिया और बताया जाता है कि पकड़ा गया युवक हिन्दू सेना का सक्रिय सदस्य है। वहीं स्याही काण्ड से नाराज कन्हैया ने मंच से नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि "जिसे आप पप्पू पप्पू कहते थे उसने आपकी नानी याद दिला दी है"।
सोमवार को चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के सभागार में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में कन्हैया कुमार, गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी और अपने साथी अंशुल त्रिवेदी के साथ शिरकत करने पहुंचे। कन्हैया कार से उतरकर सभागार में जा ही रहे थे कि एक युवक ने उनके सिर पर स्याही उड़ेल दी। आरोपी युवक ने अपना नाम मुकेश पाल और स्वयं को हिन्दू सेना का सक्रिय सदस्य बताया। हालांकि पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और थाने भेज दिया है। अचानक हुए हमले से कन्हैया पूरे कार्यक्रम में असहज नजर आये। इस दौरान कन्हैया अपने साथियों से लगातार बतियाते रहे। लेकिन जब मंच से कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे तो अपनी नाराजगी को चिरपरिचित अंदाज में बयान किया। कन्हैया ने नरेंद्र मोदी से सवाल पूछते हुए कहा कि 2014 में लोगों ने वोट दिया था अपने काम का हिसाब देने के लिए लेकिन आप खानदान का हिसाब दे रहे हैं। इस बात में क्या सच्चाई है जरा बताइये, प्रधानमंत्री आप हैं और सवाल नेहरू जी के खानदान से किया जा रहा है। उन्होंने उपस्थितजन से कहा कि इस बात को आप समझिये जिस व्यक्ति को ये पप्पू पप्पू कहते हैं उस व्यक्ति के नाना-नानी को ये याद कर रहे हैं। आगे कहा कि जिस व्यक्ति को पप्पू कहते हैं उस व्यक्ति ने मोदी जी को नानी याद दिला दिया है।
वहीं कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही बड़ी तादात में पुलिसकर्मी कार्यक्रम स्थल के आस-पास तैनात रहे। कन्हैया के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले हिन्दू सेना की जिला इकाई ने कार्यक्रम को निरस्त किये जाने की मांग लेकर जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर डीआरपी लाइन भेज दिया। इस कार्यक्रम का संचालन दलित नेता देवाशीष जरारिया ने किया। मगर कार्यक्रम में शहर जिला कांग्रेस के नेताओं की मौजूदगी पर्दे के पीछे खड़े आयोजकों की चुगली कर रही थी।