टाउन हॉल से निगम की पार्किंग हटाने चेम्बर ने लिखी जिम्मेदारों को चिठ्ठी
ग्वालियर। महाराज बाड़ा स्थित टाउन हॉल के दोनों ओर निगम द्बारा पार्किंग स्थापित किए जाने से 50 से अधिक दुकानदरों का व्यापार चौपट हो जाने के कारण पार्किंग को इस स्थान से हटाने के लिए म.प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्बारा संभागायुक्त ग्वालियर संभाग, महापौर, निगमायुक्त एवं सीईओ स्मार्ट सिटी को चेम्बर ने मंगलवार को पत्र लिखा है। चेम्बर अध्यक्ष-अरविन्द अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-यश कुमार गोयल, उपाध्यक्ष-सुरेश बंसल, मानसेवी सचिव-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-जगदीश मित्तल व कोषाध्यक्ष-गोकुल बंसल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया है कि रोजाना सिर्फ साढे तीन हजार रूपये के राजस्व के लिए नगर निगम, ग्वालियर द्बारा महाराज बाड़ा स्थित टाउन हॉल के दोनों ओर के 50 से अधिक दुकानदारों का व्यापार चौपट कर दिया है।
इस पार्किंग का ठेका भी एक साल पहले खत्म हो चुका है। इसके बावजूद भी निगम द्बारा क्षेत्रीय कार्यालय के स्टाफ से इस पार्किंग का संचालन कराया जा रहा है। टाउन हॉल के दोनों ओर दौलतगंज के कोने से सराफा बाजार के कोने तक फैली इस पार्किंग से लगभग 50 से अधिक दुकानदारों का व्यापार घटकर आधा रह गया है और दिन प्रतिदिन इनके व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। ग्राहक अब उक्त दुकानों पर पार्किंग होने के कारण जगह न मिलने से जाने से कतराते हैं। पिछले एक साल से परेशान दुकानदार महापौर एवं निगमायुक्त से मिलकर ज्ञापन दे चुके हैं। इस पर अधिकारियों का यह कथन होता है कि जल्द ही इस पार्किंग को शिफ्ट कर दिया जायेगा, लेकिन आज दिनांक तक पार्किंग शिफ्ट करने के ठोस प्रयास नहीं किये गये हैं।
चेम्बर पदाधिकारियों ने बताया है कि उक्त पार्किंग को यहां से शिफ्ट करने के लिए महाराज बाड़ा स्थित महारानी स्कूल की क्षतिग्रस्त इमारत को गिराने के बाद तैयार किये समतल मैदान में छह माह पूर्व इंटर लॉकिंग टाइल्स लगाने का ठेका दिया गया था, जिसका काम बंद पड़ा हुआ है। जिससे ऐसा लगता है कि किसी को अनुचित लाभ देने के लिए जानबूझकर ऐसा किया जा रहा है। पार्किंग से प्रभावित व्यवसाईयी अपने व्यापार को उजड़ता देख भयभीत और आक्रोशित हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि उक्त पार्किंग शिफ्ट नहीं की गई तो वह चुनाव का बहिष्कार करेंगे और अपना व्यापार बंद कर, अपनी दुकानों की चाबी निगमायुक्त को सौंपेंगे।
चेम्बर ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि टाउन हॉल स्थित पार्किंग को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने के लिए यथाशीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। ताकि 50 से अधिक दुकानदारों के चौपट व्यापार को पुनर्जीवित किया जा सके। साथ ही, स्मार्ट सिटी के तहत महाराज बाड़ा को पार्किंग मुक्त घोषित किये जाने की ओर एक कदम बढाया जा सके।