नाम निर्देशन पत्रों की जाँच कल, 14 नवम्बर तक लिए जा सकेंगे नाम वापस

ग्वालियर। विधानसभा निर्वाचन-2018 के लिये भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी 9 नवम्बर तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए गए। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा (जाँच) सोमवार 12 नवम्बर 2018 को होगी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत 14 नवम्बर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा का कार्य प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक विधानसभा क्षेत्रवार संबंधित रिटर्निंग ऑफीसर के कक्ष में किया जायेगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्र.-14 ग्वालियर ग्रामीण के रिटर्निंग ऑफीसर एवं संयुक्त कलेक्टर नरोत्तम भार्गव प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा करेंगे। यह कार्रवाई कलेक्ट्रेट के प्रथम तल पर कक्ष क्र.-214 में संपादित होगी। विधानसभा क्षेत्र क्र.-15 ग्वालियर के नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा रिटर्निंग ऑफीसर एवं अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव कलेक्ट्रेट में प्रथम तल पर स्थित कक्ष क्र.-203 में करेंगे। इसी प्रकार भू-तल पर कक्ष क्र.-104 में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्र.-16 ग्वालियर पूर्व में भरे गए नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा रिटर्निंग अधिकारी एवं अपर कलेक्टर विकास शिवम वर्मा द्वारा की जायेगी। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्र.-17 ग्वालियर दक्षिण के नाम निर्देशन पत्रों की जाँच रिटर्निंग ऑफीसर एवं डिप्टी कलेक्टर चंद्रभूषण प्रसाद कलेक्ट्रेट के प्रथम तल पर स्थित कक्ष क्र.-209 में करेंगे। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 18-भितरवार में भरे गए नाम निर्देशन पत्रों की जाँच रिटर्निंग ऑफीसर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भितरवार अशोक सिंह चौहान द्वारा की जायेगी। यह कार्रवाई भू-तल पर कक्ष क्र.-106 में संपादित होगी। इसी तरह कलेक्ट्रेट स्थित भू-तल पर कक्ष क्र.-108 में विधानसभा क्षेत्र 19-डबरा (अजा) में प्राप्त हुए नाम निर्देशन पत्रों की जाँच होगी। यह कार्य रिटर्निंग ऑफीसर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डबरा श्रीमती जयति सिंह संपादित करेंगीं।