कांग्रेस ने किया वचन-पत्र जारी, कहा सत्ता में आये तो सभी वचन निभाएंगे

ग्वालियर। कांग्रेस पार्टी ने शनिवार को अपना वचन पत्र जारी किया है। भोपाल में वचन पत्र जारी होने के दौरान ही ग्वालियर में भी जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशियों की मौजूदगी में यह वचन पत्र पत्रकार वार्ता में जारी किया। कांग्रेस का कहना है कि वह कोई घोषणा नहीं कर रही है घोषणा तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करते हैं। जिस कारण उन्हें घोषणा वीर कहा जाता है। हम सत्ता में आने के बाद समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं, छात्रों, बेरोजगार युवाओं और किसानों के लिए समन्वित रूप से उनके कल्याण के लिए काम करेंगे।100 यूनिट बिजली को सिर्फ एक रुपए प्रति यूनिट की दर से दिया जाएगा। क्योंकि मध्यप्रदेश में बिजली सबसे महंगी है। मध्यप्रदेश में बिजली उत्पादन सरकार करती है और उसे सस्ते दामों पर दूसरे प्रदेशों को बेचती है। जबकि मध्य प्रदेश में बिजली सबसे ज्यादा महंगी है। वचन पत्र में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को भी नियमितीकरण का भरोसा दिया गया है। कांग्रेस का यह वचन पत्र ग्वालियर पूर्व के कांग्रेस प्रत्याशी मुन्नालाल गोयल, ग्वालियर दक्षिण से प्रवीण पाठक, ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से प्रदुमन सिंह की मौजूदगी में जारी किया गया।