आखिरकार मिलावटी मावे पर किसी ने नहीं जताया हक, खाद्य विभाग को करना पड़ा नष्ट
ग्वालियर। जैसा कि अंदेशा था ठीक वैसा ही हुआ पांच दिन पहले एक ट्रैवल्स की बस के पास से पकड़े गए करीब 15 कुंटल मावे को आखिरकार मंगलवार को जिला प्रशासन को नष्ट करवाना पड़ा। पिछले 3 दिनों से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग मावे के हकदार लोगों का इंतजार कर रहा था। मिलावटी होने के संदेह में जप्त किए गए इस मावे पर किसी ने अपना दावा नहीं जताया ।तीन दिन इंतजार करने के बाद आखिरकार इस मावे को नगर निगम की लैंडफिल साइट पर बड़ा सा गड्ढा खोदकर उसमें जेसीबी मशीन के जरिए जमींदोज कर दिया गया। दरअसल खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 2 नवंबर की रात को कंपू स्थित शरद ट्रैवल्स की बस के बाहर से 32 डलिया मावा जप्त किया था ।जिसका वजन तकरीबन 15 क्विंटल था। मावे को मुरैना से लाया गया था और राजस्थान के कोटा भेजा जा रहा था ।चूंकि दीपावली का पर्व है इसलिए औषधि प्रशासन विभाग में बाहर से आने जाने वाले खाद्य सामग्री पर निगरानी शुरू कर दी है। खाद्य प्रशासन विभाग को जानकारी मिली थी कि मिलावटी मावा कोटा भेजा जा रहा है। इस सूचना पर उक्त मामले को जप्त किया गया था ।इस मामले को सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली थाने रखा गया था लेकिन मावे के मालिक द्वारा नमूने अपने सामने निकलवाने के लिए अफसरों से समय लिया जाता रहा। लेकिन वह नहीं आए। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के मुख्य निरीक्षक रवि शिवहरे ने बताया कि तीन दिन इंतजार करने के बाद मावे को नष्ट करने के अलावा कोई चारा नहीं था। इसलिए मंगलवार सुबह उसे वाहन से लैंडफिल साइट लिंक रोड पर ले जाया गया, और वहां जेसीबी के जरिए बड़ा सा गड्ढा खोदकर मावे को जमींदोज कर दिया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि अभी भी 15 डलिया से ज्यादा अलग अलग स्थानों से जप्त किया गया मावा और पनीर रखा हुआ है। यदि उसके मालिक नमूने के लिए तैयार नहीं हुए तो उन्हें भी नष्ट किया जाएगा।