झांसी के बाद ग्वालियर में भी नजर आई प्रेरणादायी तस्वीर, ड्यूटी के साथ मां का दायित्व भी बखूबी निभा रहीं सब इंस्पेक्टर कृष्णा
ग्वालियर। जिला निर्वाचन कार्यालय वैसे तो इन दोनों राजनैतिक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। यहां विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल हो रहे हैं इसलिए यहां राजनीतिक लोग, पुलिस कर्मचारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और मीडिया का जमावड़ा लगा रहता है। लेकिन इस बीच मंगलवार को एक ऐसी तस्वीर दिखाई दी जिसने पिछले दिनों वायरल हुई झांसी की लेडी कॉस्टेबल अर्चना की याद ताजा कर दी। दरअसल जिला निर्वाचन कार्यालय के मुख्य द्वार पर इंदरगंज थाने में पदस्थ महिला सब इंस्पेक्टर कृष्णा गर्ग की तैनाती है। वह हर अंदर जाने वाले व्यक्ति का गेट पास सहित दूसरे सामान को चेक करना उनकी ड्यूटी का हिस्सा है। कृष्णा अपने फर्ज को बखूबी निभातीं भी हैं। लेकिन कृष्णा गर्ग का एक दूसरा रूप भी है जो मां का फर्ज निभाने के रूप में सामने आया। दरअसल जब कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर रहे थे ।उसी समय उनके पति कृष्णा की 8 महीने की बेटी वैदेही को लेकर वहां पहुंचे, तो मीडियाकर्मियों का ध्यान उन पर गया। कृष्णा सुबह दस बजे ही कलेक्ट्रेट आ जाती हैं और शाम 4 बजे तक उनकी ड्यूटी गेट पर ही रहती है। लेकिन अपनी छोटी बेटी वैदेही को वह अपनी नजरों से ज्यादा समय के लिए ओझल नहीं रखती। बेटी भी मां के बगैर नहीं रह पाती। इसलिए, पति बेटी को मिलवाने अक्सर कलेक्ट्रेट आते हैं और कुछ देर अपनी मां की गोद में रहकर वैदेही बेहद सुकून महसूस करती है। मां को भी उसे दुलार करने में आत्मीय सुख मिलता है। कह सकते हैं कि कृष्णा गर्ग एक ही समय में दो-दो फर्ज निभा रही हैं। एक मां के रूप में तो दूसरा पुलिस अधिकारी के रूप में। उनके इस रूप को देख कर साथी कर्मचारी भी उनकी प्रशंसा किए बगैर नहीं रहते। गौरतलब है कि पांच रोज पहले की झांसी की लेडी बॉस टेबल अर्चना का एक फोटो वायरल हुआ था जिसमें वह थाने में अपनी 6 महीने की बेटी के साथ ड्यूटी करती नजर आई थी। इसके बाद उन्हें पति के कार्यस्थल यानी गुड़गांव में डीजीपी ने पदस्थ करने के निर्देश जारी किए थे।