सड़क पर मिले 5 हज़ार रुपये लौटाकर आरक्षकों ने दिया ईमानदारी का परिचय
ग्वालियर । एएसपी शहर पूर्व कार्यालय में कार्यरत आरक्षक अशोक सिंह गुर्जर एवं आर0 जितेन्द्र शर्मा को कम्पू स्थित बहादुर स्वीट्स के सामने रोड पर एटीएम कार्ड होल्डर के अन्दर रखे हुए 5 हजार रूपये व एटीएम कार्ड मिला। आरक्षकों द्वारा उक्त कार्ड व 5 हजार रूपये एएसपी शहर पूर्व कार्यालय में जमा कराकर उक्त के संदर्भ में अति. पुलिस अधीक्षक शहर पूर्व अमनसिंह राठौड़ को जानकारी दी। एएसपी द्वारा कार्ड होल्डर के अन्दर मिले परिचय पत्र में अंकित मोबाइल नम्बर पर संबंधित को सूचित किया।
उक्त कार्ड होल्डर व 5 हजार रूपये इलाहबाद निवासी विजयसिंह राठौड़, एडवोकेट का पाया गया, जो कि कम्पू क्षेत्र में स्थित बहादुर स्वीट्स पर सामान खरीदने के समय उनकी जैब से गिर गया था। विजयसिंह राठौड द्वारा सूचना मिलने पर एएसपी शहर पूर्व कार्यालय पहुंचकर अपना कार्ड व पैसे प्राप्त किये और दोनों आरक्षकों को धन्यवाद ज्ञापित किया। एएसपी शहर पूर्व अमन सिंह राठौड़ द्वारा भी आरक्षक अशोक सिंह गुर्जर एवं जितेन्द्र शर्मा को ईमानदारी की मिसाल पेश करने के लिये शाबासी दी। साथ ही पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने भी दोनों आरक्षकों की प्रशंसा की है।