लक्ष्मी के साथ गणेश को समझें !
भारत के ऋषि मुनियों की कठिन साधना और तप से ही इस देश की साहित्य , कला और संस्कृति पोषित और पल्लवित हुई और जिनके गहन चिंतन से - सर्वे भवन्तु सुखिना, सर्वे सन्तु निरामय: का कल्याणकारी उद्घोष हुआ अर्थात सभी सुखी हों, समृद्ध और निरोगी हों। यह प्रार्थना देश हजारों साल से करता चला आ रहा है। लेकिन ज्ञात इतिहास में ऐसा कोई काल खंड नहीं मिलता जिससे यह पता चल सके कि लोगों को कभी दैहिक, दैविक और भौतिक संताप नहीं रहा हो। लक्ष्मी के साथ गणेश की स्थापना क्या किसी सामाजिक क्रांति का प्रतिफल है? लक्ष्मी तो विष्णु प्रिया हैं और गणेश आदि देव औघड शिव के पुत्र हैं। लक्ष्मी विष्णु परम्परा की देवी है, विष्णु को बार-बार अवतरित होना पडा क्यों कि लक्ष्मी और विष्णु की परम्परा श्रीमंतों की है- सत्ता के केंद्रीयकरण की है। जब कि शिव फक्कड हैं, देवों में वह ऐसे देव हैं जो सामान्य गृहस्थ हैं और जिन्हें कभी अवतार नहीं लेना पडा। शिव फक्कड हैं, देश के आम आदमी की तरह-उसी के तरह जीते हैं और रहते हैं। उनके पुत्र गणेश की लक्ष्मी के साथ स्थापना समृद्धि और दरिद्रता के समन्वय का संदेश है पर देश लक्ष्मी का ऐसा दीवाना हुआ कि गणेश को भुला ही बैठा, शायद यही भारतीय समाज की समस्या का मूल है। यह विडम्बना ही है कि देश में राजनीतिक सत्ता सर्व शक्तिमान हो गई है। जब कि भारतीय परम्परा में राजा कभी सर्वशक्तिमान नहीं रहा। फकीरों और बदन पर एक लंगोटी घारण करने वाले संतों के सामने सत्ता हमेशा झुकती रही। जब ऐसा था तब राज्य के सामने जिम्मेदारियां अधिक थीं, आज जिम्मेदारियां सिकुड रही हैं-सत्ता समाज के प्रति अपनी मूल जिम्मेदारी से बहुत दूर चली गई है। आज एक ही संदेश है, सत्ता से जितना छीना जा सकता है-छीन लो, जितना लूटा जा सकता है लूट लो अर्थात समाज में जो सर्व शक्ति सम्पन्न है उसे ही सम्मान से जीने का अधिकार है, इस लूट में सब को आजादी है। कमजोर को संरक्षण, सामाजिक न्याय और सबको समानता की बातें सत्ताधीशों को मूर्खों का स्वर्ग नजर आती हैं। आज भी कई घर ऐसे मिलेंगे जिनकी दीवारे हर बरसात में कुछ न कुछ ढह जातीं हैं। इन घरों से धुंआ कम उठता है लेकिन आंसु चौबीसों घंटे घुमडते रहते हैं। इन घरों में आग नहीं जलती पर हर समय ताप बहुत रहता है। इन घरों की बहुएं हमेशा घरों के भीतर ही रहतीं हैं, दुबकी-दुबकी डोलती रहतीं हैं और घर का दरबाजा हमेशा बंद रखतीं हैं। घर के भीतर दलिद्दर ने सब कुछ सूना-सूना कर तदया है। घर के भीतर बच्चे हैं, आदमी हैं, बहु-बेटियां हैं पर सब के मुंह पर कभी न टूटने वाले सन्नाटे के ताले जडे हुए हैं। इनके लिए चाहिए सत्ता का सम्बल। राजनीतिक सत्ता किसी व्यापारी की गद्दी नहीं है, उसका काम श्रीमंतों से करों के रूप में प्राप्त धन का जन कल्याण में खर्च करना है, यही उसकी शाश्वत जिम्मेदारी भी है। यही प्रकृति का न्याय है इसे धता बता कर कोई भी व्यवस्था कैसे दीर्घजीवी हो सकती है? समृद्धि के इस पर्व पर एक बार फिर हमें लक्ष्मी के साथ गणेश की मौजूदगी को समझना होगा। समृद्धि की देवी लक्ष्मी केवल विष्णु प्रिया ही नहीं है उनके साथ गणेश भी हैं। प्राचीन गणतंत्र में जनता (गण) के प्रतिनिधि गणेश, गणपति, गणाधिपति ही थे। गणेश अर्थात बहुसंख्यक लोगों की कीमत पर दस-बीस प्रतिशत लोगों को समृद्ध करने की वयवस्था की कोंख से अराजकता ही पैदा होती है, इस सत्य को समझने और जानने की आज सख्त जरूरत है। देश की सम्पदा को नोंचते-तूपते हुए प्राप्त समृद्धि से गरीबी के समन्दर का विस्तार और फैलाव होगा तो सम्पन्नता के टापू अपने को कब तक सुरक्षित रख पायेंगे, वह अपने आप ही डूब जायेंगे। लक्ष्मी के साधारणीकरण के लिए एक मात्र विकल्प गण शक्ति को जाग्रत करना ही हो सकता है। लक्ष्मी और गण के बीच शक्ति संतुलन कायम करना होगा। समूचे गण समाज में नहीं तो उसके छोटे-छोटे समूहों में जीवन की नई पद्धति खोजनी-विकसित करना होगी। दर्शन को विज्ञान से और समृद्धि (लक्ष्मी) को जन-गण (गणेश) से जोडना होगा। दर्शन को कर्म और कर्म को दर्शन देना होगा। निश्चित रूप से यह कार्य अत्यन्त कठिन है लेकिन समाज की नई व्यवस्था और जीवन की नई पद्धति की रचना के लिए संघर्ष करना ही होगा। सबेरा बहुत मुश्किल से होता है फिर भी किसी छोटे से घर के आले या आंगन की तुलसी के सामने रखा एक नन्हा दिया तमाम झंझावातों को झेलते हुए प्रकाश के लिए संघर्ष करता है। तब ऐसे गहन अंधकार में छोटे-छोटे दीपों के समूह प्रकाश होने तक अंधकार से संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं। अमावस्या की काली अंधेरी रात में सबेरा बहुत देर से होता है फिर भी यह तसल्ली क्या कम है कि हमने अंधेरे से लड कर सबेरा होने तक प्रकाश के लिए संघर्ष किया। आज सबसे बडी जरूरत आदमी में भरोसा पैदा करने की है, उसे यह बताने की जरूरत है कि इन कठिन परिस्थितियों में भी जीना सम्भव है। इस के लिए बस इतना करना होगा कि लक्ष्मी और गणेश के युग्म को व्यापकता कैसे प्रदान की जा सकती है। यह विश्वास दृढ करना होगा कि लक्ष्मी (समृद्धि) की उपादेयता गणेश (जन-गण) के साथ ही है। लक्ष्मी के साथ गणेश की स्थापना का यही महत्व है। आज आवश्यकता लक्ष्मी के साथ गणेश को पुन:प्रतिष्ठापित करने की है। यही प्राकृतिक न्याय है, मूर्खों का स्वर्ग नहीं।
साभार : वरिष्ठ पत्रकार राम विद्रोही की फेसबुक बॉल