निर्वाचन संबंधी शिकायतों के लिये 24 घंटे खुला रहेगा कंट्रोल रूम, सी-विजिल एप पर फोटो या वीडियो भेजकर ऑनलाइन शिकायत होगी दर्ज

ग्वालियर। विधानसभा निर्वाचन-2018 के दौरान आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन अथवा निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायतों के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे खुला रहेगा। कंट्रोल रूम पर मोबाइल के द्वारा शिकायत दर्ज की जा सकेगी। इसके अलावा सी-विजिल एप पर फोटो अथवा वीडियो डालकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

        कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार वर्मा द्वारा कलेक्ट्रेट में जिला निर्वाचन शिकायत प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है, जो कक्ष क्र.-123 में स्थापित है। कंट्रोल रूम 24 घंटे आम जनता की सुविधा के लिये संचालित है। कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नम्बर 18002337512 अथवा 2446204 तथा 2446222 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

        भारत निर्वाचन आयोग द्वारा सी-विजिल (cVigil) ऑनलाइन एप शुरू किया गया है। जिस पर कोई भी व्यक्ति पिक्चर अथवा वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज कर सकता है। सी-विजिल एप पर की गई शिकायत का निराकरण संबंधित एफएसटी टीम द्वारा तत्काल किया जायेगा। सी-विजिल एप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। 

"सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो"