निर्भीक मतदान के लिए सुरक्षा बलों ने निकाला फ्लैग मार्च, हथियारों से सुसज्जित 700 जवान निकले सड़क पर
ग्वालियर। शहर में सुरक्षाबलों ने बुधवार को फ्लैग मार्च निकाला। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह फ्लैग मार्च शाम को एसपी ऑफिस से शुरू हुआ । जो शहर के प्रमुख मार्गो से होता हुआ महाराज बाड़े पर खत्म हुआ । दरअसल बुधवार को देश के पहले गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती थी वहीं इसी दिन पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की शहादत हुई थी। तीनों आयोजनों को पुलिस ने राष्ट्रीय एकता और संकल्प दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान फ्लैग मार्च में सीमा सुरक्षा बल, जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र पुलिस बल, एसटीएफ, क्यूआरएफ, आर ए एस की टुकड़ियां शामिल थीं।। हथियारों से सुसज्जित जवानों का फ्लैग मार्च बेहद लम्बा था। पुलिस अफसरों का मानना है कि लोग आने वाले विधानसभा चुनाव में अपने मत का निर्भीकता के साथ प्रयोग कर सकें। इसलिए लोगों को विश्वास दिलाने के लिए पुलिस ने यह फ्लैग मार्च निकाला है और लोगों को सुरक्षित मतदान के प्रति जागरूक किया है। यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू हुआ था। इस मार्च में तकरीबन 700 से ज्यादा सुरक्षा बल के जवान शामिल हुए।