विधानसभा आम निर्वाचन-2018 : कार्रवाई ऐसी हो जिससे मतदाताओं में असरदार ढंग से सकारात्मक संदेश पहुँचे, कमिश्नर एवं आईजी ने की ग्वालियर जिले की चुनावी तैयारियों की समीक्षा, कहा- आचार संहिता के उल्लंघन पर एफएसटी जवाबदेह होंगीं
ग्वालियर। हर टीम कार्रवाई को इस प्रकार से अंजाम दे, जिससे हर क्षेत्र में असरदार ढंग से यह संदेश पहुँचे कि चुनाव में धन-बल, बाहुबल और शराब का उपयोग मतदाताओं को प्रभावित करने में कदापि नहीं होने दिया जायेगा। इस आशय के निर्देश संभाग आयुक्त बी एम शर्मा एवं पुलिस महानिरीक्षक अंशुमान यादव ने संयुक्त रूप से एफएसटी, एसएसटी, वीएसटी एवं वीवीटी में शामिल अधिकारियों को दिए। साथ ही कार्यपालक दण्डाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को हिदायत दी कि आपराधिक तत्वों के खिलाफ कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करें, जिससे कोई भी दबावपूर्वक मतदाताओं को प्रभावित करने की जुर्रत न कर सके। अधिकारी द्वय ने स्पष्ट किया कि जिस टीम के अधिकारी अपनी ड्यूटी में ढ़िलाई बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
बुधवार को बाल भवन के ऑडिटोरियम में संभाग आयुक्त एवं आईजी ने जिले के सभी रिटर्निंग ऑफीसर, पुलिस अधिकारियों, एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वायड), एसएसटी (स्थेटिक सर्विलेंस टीम), वीएसटी (वीडियो सर्विलेंस टीम) व वीवीटी (वीडियो व्यूइंग टीम) की बैठक लेकर स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न कराने के लिए की गई तैयारियों की विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा की। उन्होंने कहा अवैध हथियार एवं अवैध शराब की बिक्री, परिवहन एवं भण्डारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। कमिश्नर एवं आईजी ने जोर देकर कहा कि सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ऐसा वातावरण निर्मित करें, जिससे मतदाता बेखौक होकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक ग्वालियर मनोहर वर्मा, कलेक्टर ग्वालियर अशोक कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्वालियर नवनीत भसीन, अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव व शिवम वर्मा समेत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफीसर तथा एडीएम संदीप केरकेट्टा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राघवेन्द्र पाण्डेय, जिले के सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
संभाग आयुक्त ने जिले के हर विधानसभा क्षेत्र में तैनात की गईं एफएसटी, एसएसटी, वीएसटी व वीवीटी टीम के अधिकारियों से व्यक्तिश: चर्चा की। साथ ही उनके द्वारा आदर्श आचार संहिता के पालन की दिशा में की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने सभी टीमों से सक्रिय होकर अपने दायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने एफएसटी में शामिल अधिकारियों से कहा कि संदिग्ध धनराशि को जब्त कर कानूनी कार्रवाई करें। मगर यह भी ध्यान रखें कि जिसके पास धन के परिवहन के संबंध में वाजिब कागजात हैं उन्हें अनावश्यक परेशान न होना पड़े। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई को इस प्रकार से अंजाम दें जिससे कोई भी गलत व्यक्ति बचे नहीं और सही आदमी को तकलीफ न हो। उन्होंने कहा हर घटना की बारीकी से वीडियोग्राफी कराएं, जिससे मजबूत साक्ष्यों के साथ कार्रवाई पूरी हो।
पुलिस महानिरीक्षक अंशुमान यादव ने कहा कि वाहनों की अनुमति सामने की विंड स्क्रीन पर चस्पा करना अनिवार्य है। यदि किसी वाहन पर अनुमति पत्र चस्पा न हो तो उस वाहन को जब्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा आचार संहिता का पालन 24 घंटे कराया जाना है। इसलिए दिन में ही सक्रिय न रहकर रात के समय भी प्रभावी कार्रवाई की जाए।
पुलिस उप महानिरीक्षक मनोहर वर्मा ने कहा कि जिस क्षेत्र में भी आचार संहिता का उल्लंघन सामने आया तो वहाँ की एफएसटी टीम जवाबदेही होगी। उन्होंने कहा सार्वजनिक संपत्तित पर प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत एफआईआर कराएं। साथ ही विरूपण भी नगर निगम की टीम के सहयोग से हटवाए जाएं। बगैर अनुमति के कोई चुनावी कार्यक्रम कर रहा हो तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें। यदि एक साथ किसी जुलूस या रैली में 10 से अधिक वाहन दिखें तो उन्हें जब्त कर लिया जाए। प्रचार -प्रसार के दौरान पटाखे जलाने वालों पर एफआईआर कराई जाए। जुलूस में पुतला लेकर चलने एवं उसे जलाने पर भी प्रतिबंध है। सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक ही लाउड स्पीकर की उपयोग की अनुमति रहती है। इसका भी कड़ाई से पालन कराया जाए।
कलेक्टर अशोक कुमार वर्मा ने सभी टीमों के अधिकारियों को आगाह किया कि आप सबको बार - बार प्रशिक्षण दिया जा चुका है। यदि आगे कोई कमी दिखाई दी तो सख्त कार्रवाई की जायेगी।
"जन-जन की है यही पुकार वोट डालो अबकी बार''