मतदान दलों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण शुरू, ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया और अन्य बारीकियां समझाई
ग्वालियर । जिले में विधानसभा आम चुनाव के लिए सभी तैयारियाँ समयबद्ध कार्यक्रम के अनुसार मुस्तैदी से की जा रहीं हैं । इसी क्रम में मतदान दलों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू हुआ। यहाँ भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान में आयोजित हो रहे इस प्रशिक्षण के पहले दिन करीबन 1600 अधिकारियों व कर्मचारियों को 54 मास्टर ट्रेनर द्वारा मतदान संबंधी सम्पूर्ण बारीकियां विस्तारपूर्वक बताई गई । यह प्रशिक्षण दो सत्रों में आयोजित हुआ। प्रथम चरण का प्रशिक्षण 26 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार वर्मा ने प्रशिक्षण ले रहे सभी अधिकारियों से कहा है कि मतदान से संबंधित सभी पहलुओं को भलीभाँति समझ लें, जिससे मतदान संपादित कराने में कोई दिक्कत न आए।
अपर कलेक्टर एवं मतदान दल गठन प्रभारी दिनेश श्रीवास्तव की मौजूदगी में प्रशिक्षण शुरू हुआ। उन्होंने प्रशिक्षण में गैर हाजिर रहे और समय पर उपस्थित न होने वाले शासकीय सेवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
प्रथम चरण के प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी क्रमांक 1 व 2 को प्रशिक्षित किया गया है । इस प्रशिक्षण में मतदान अधिकारियों को खास तौर पर ई.व्ही.एम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन) अर्थात बैलेट यूनिट व कंट्रोल यूनिट के बारे में तकनीकी एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण विस्तार से दिया जा रहा है। साथ ही मध्यप्रदेश के विधानसभा आम निर्वाचन में पहली बार प्रयुक्त होने जा रहे वीवीपैट के काम करने की प्रक्रिया भी मतदान दलों को समझाई जा रही है।
पीठासीन अधिकारी को मतदान केन्द्र की स्थापना, मतदान शुरू होने से पूर्व की जाने वाली घोषणा, एजेन्टो की मौजूदगी में मोकपोल, ग्रीन पेपर सील लगाना, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए रक्षोपाय, मतदान केन्द्र में और बाहरी 200 मीटर की परिधि में प्रतिबंधात्मक आदेशों के पालन आदि का प्रशिक्षण भी दिया गया ।
पीठासीन अधिकारियों को समझाइश दी गई कि निर्वाचन सामग्री प्राप्त करते समय यह सुनिश्चित कर लें कि सूची के अनुसार सभी सामग्री उन्हें मिल गई है। मुख्य रूप से मतदान यूनिट, नियंत्रण यूनिट, वीवीपैट, निविदत्त मतपत्र, मतदाताओं का रजिस्टर, निर्वाचक नामावली की चिन्हित प्रति और नामावली की अतिरिक्त प्रतियाँ, ग्रीन पेपर सील, सीलिंग वैक्स एवं अमिट स्याही महत्वपूर्ण सामग्री में शामिल है।
डाक मत पत्र के लिये फॉर्म भी जमा किए
मतदान दलों में शामिल किए गए सभी अधिकारी व कर्मचारी भी मताधिकार का उपयोग कर सकें, इसके लिये प्रशिक्षण लेने आए शासकीय सेवकों से भरे हुए फॉर्म-12 प्राप्त किए गए। अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव ने जिन शासकीय सेवकों द्वारा प्रशिक्षण के दौरान फॉर्म-12 जमा नहीं किए गए, उनको जल्द से जल्द यह फॉर्म जमा करने के लिए आगाह किया। साथ ही जो शासकीय सेवक ग्वालियर जिले में पदस्थ हैं। मगर यहाँ उनका मतदाता सूची में नाम नहीं है, उनको फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिये निर्देशित किया गया।