पॉलीथिन एक कैमिकल उत्पाद, हमें ले जाता है बीमारी की ओर : निगमायुक्त विनोद शर्मा

ग्वालियर । पॉलीथिन एक प्रकार का कैमिकल प्रोडक्ट है, यह वह राक्षस है जो कि पैदा तो हो जाता है लेकिन फिर मरता नहीं है। यह गंदगी करेगा, पर्यावरण को प्रदूषित करेगा तथा गौवंश एवं अन्य पशुओं के लिए मौत का साधन बनेगा और आपको भी कैंसर जैसी घातक बीमारियों की ओर ले जाता है। इसलिए पॉलीथिन पर प्रतिबंध न सिर्फ शासन प्रशासन की आवश्यकता है बल्कि एक स्वस्थ्य समाज एवं स्वस्थ्य भविष्य के लिए पॉलीथिन का उपयोग पूर्णतः बंद होना आवश्यक है। उक्ताशय के विचार नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने ग्वालियर ग्रेटर खेरिज किराना व्यवसायी संघ द्वारा किराना व्यवसाईयों को खतरनाक पॉलीथिन के प्रति जागरुक करने के लिए आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रुप में व्यक्त किए। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वच्छ भारत मिशन ग्वालियर के मुख्य ब्रांड एम्बेसडर भूपेन्द्र जैन ने की। कार्यक्रम में ग्रेटर ग्वालियर खेरीज किराना व्यवसायी संघ के अध्यक्ष महेश गुप्ता, सचिव पारस जैन, दिलीप खंडेलवाल, स्मार्ट सिटी सीईओ महीप तेजस्वी, मप्र प्रदूषण बोर्ड के आर के जैन, उपायुक्त देवेन्द्र सुन्दरियाल, श्रीमती सुमन अग्रवाल, स्वच्छता के ब्रांड एम्बेस्डर गिरीश शर्मा सहित बडीं संख्या में किराना व्यवसायी उपस्थित रहे। नगर निगम ग्वालियर व प्रदूषण बोर्ड ग्वालियर के संयुक्त तत्ववावधान में स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 के अंतर्गत पर्यावरण के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदायक पॉलीथिन को रोकने एवं पॉलीथिन के स्थान पर कपडे या कागज के थैले के उपयोग हेतु किराना व अन्य दुकानदारों को जागरुक करने के लिए एक वृहद कार्यशाला का आयोजन बालभवन में किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए निगमायुक्त विनोद शर्मा ने कहा कि पॉलीथिन पर शासन द्वारा पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है, इसके लिए पॉलीथिन मुक्त शहर बनाने के लिए हमने कार्य योजना बनाई है। जिसके तहत यहां पालीथिन का न तो निर्माण होने देंगें, ना ही स्टॉक होने देगें, न ही विक्रय और न ही उपयोग होने देंगें। इसके लिए पहले हम निर्माणकर्ता, स्टॉकिस्ट व विक्रय करने वालों व दुकानदारों को समझाएंगे कि पॉलीथिन का उपयोग न करें। फिर भी नहीं मानेगें तो कार्यवाही करेगें और इसके लिए जेल तक भी हो सकती है। निगमायुक्त ने बताया कि सबसे ज्यादा उपयोग सब्जीमंडी एवं किराना व्यवसाय में होता है तथा पॉलीथिन का विकल्प हमें समाज में ही तलाशना होगा। शासन प्रशासन कोई फैक्टरी नहीं चलाएगा, हम तो केवल आपकी मदद कर सकते हैं। पॉलीथिन के विकल्प के रुप में आप कपडे व कागज के थैलों को उपयोग प्रारंभ कर सकते हैं। इससे जहां एक ओर पर्यावरण प्रदूषित नहीं होगा, वहीं बडी संख्या में गरीब परिवारों को रोजगार भी मिलेगा। पॉलीथिन का उपयोग स्वच्छता से बंद होना चाहिए। इस अवसर पर उपायुक्त देवेन्द्र सुन्दरियाल ने पॉलीथिन से होने वाली हानियों एवं इसके रोकने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में जानकारी दी तथा यह भी बताया कि किस प्रकार हम पॉलीथिन का उपयोग बंद कर कपडे एवं कागज के थैलों का उपयोग कर सकते हैं। इसके साथ ही निगम द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत जैविक कचरे का पुनः उपयोग कर उससे बनने वाले उत्पादों के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डा अनुराधा घोडके ने किया। प्रदूषण बोर्ड के आर के जैन ने बताया कि पॉलीथिन व कैरीबैग किसी भी प्रकार का हो पूर्णता प्रतिबंधित है। केवल पैकिंग मटेरियाल के लिए 50 माइक्रोन से अधिक की पॉलीथिन उपयोग हो सकती है क्योंकि वह रीसाइकिल हो सकती है। श्री जैन ने बताया कि रंगीन पॉलीथिन तो सीधा जहर है। खेरीज किराना व्यवसायी संघ के अध्यक्ष महेश गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए सभी व्यापारी पूर्णतः शासन प्रशासन का सहयोग करने के लिए तैयार हैं, तथा पॉलीथिन पर प्रतिबंध के लिए सबसे पहले इसका यहां निर्माण और आना बंद करना होगा। इसके साथ ही पॉलीथिन का अच्छा और सस्ता विकल्प तलाशने की आवश्यकता है। स्मार्ट सिटी के सीईओ महीप तेजस्वी ने कहा कि ग्वालियर को स्मार्ट बनाने के लिए सबसे पहले स्वच्छ बनाना होगा तथा स्वच्छ ग्वालियर के लिए पॉलीथिन का उपयोग बंद होना नितांत आवश्यक है, जो कि दंड से नहीं आपके एवं शहरवासियों के सहयोग से ही संभव है। इसके लिए हमें अपनी सनातन संस्कृति की ओर जाना होगा और पॉलीथिन का उपयोग बंद करना होगा। स्वच्छता अभियान के बांड एम्बेस्डर भूपेन्द्र जैन ने कहा कि पॉलीथिन का उपयोग बंद करने के लिए सभी को एकजुट होकर एक साथ आगे आना होगा। यदि आप पॉलीथिन का उपयोग बंद करते हैं तथा आपके आस पास का दुकानदार पॉलीथिन का उपयोग करता है तो आप इसकी शिकायत करें, तत्काल संबंधित के खिलाफ कार्यवाही होगी। सभी मिलकर सहयोग करें तो वह दिन शीघ्र आएगा कि हमारा ग्वालियर पॉलीथिन से मुक्त शहर होगा। कार्यशाला के दौरान सभी व्यापारियों को पॉलीथिन से होने वाले प्रदूषण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। व्यवसाईयों से भी पॉलीथिन पर प्रतिबंध के लिए सुझाव लिए गए तथा अच्छे सुझावों पर विचार करने का भी आश्वासन दिया गया। सभी को पॉलीथिन का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई।