एक बार फिर मिले कुपोषित बच्चे, कई बच्चों के माता-पिता ने नहीं कराया इलाज, नहीं मिल पा रहा पोषण आहार केंद्रों का कुपोषितों को लाभ
ग्वालियर । जिले में कुपोषण के कारण ग्रामीण क्षैत्रो में ही नहीं वरन शहरी इलाकों में भी बच्चे इसका शिकार हो रहे हैं। ज्यादातर बच्चे इलाज के अभाव में और ज्यादा कुपोषित होते जा रहे हैं । ग्वालियर के थाटीपुर क्षेत्र में स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में पिछले 10 दिनों के भीतर 13 कुपोषित बच्चों को लाया गया। लेकिन इनमें सिर्फ 5 ही भर्ती हुए। जबकि ज्यादातर वापस चले गए। एक बच्चे को निमोनिया होने के कारण कमलाराजा अस्पताल के एसएनसीयू यूनिट में रखा गया है अन्य दो बच्चों में कुपोषण की शिकायत नहीं मिली है । 5 बच्चे ही फिलहाल पोषण पुनर्वास केंद्र में अपना इलाज करा रहे हैं। खास बात यह है कि शहरी और ग्रामीण इलाकों में बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए आंगनवाड़ी केंद्र खोले गए हैं ।फिर भी कुपोषित बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके पीछे विशेषज्ञ माता पिता की गलती ज्यादा मानते हैं क्योंकि वे कुपोषण की श्रेणी में होने के बावजूद इलाज कराने के प्रति लापरवाह है । अशिक्षित और गरीब महिला अपने बच्चों के प्रति ज्यादा लापरवाह देखी जा रही है। एनआरसी प्रभारी डॉ. मोनिका यादव के मुताबिक जिन बच्चों को लाया गया था उनमें दो को छोड़कर सभी पोषित थे। लेकिन माता पिता को समझाने के बावजूद भी इलाज के लिए नहीं रुके। कुछ दीपावली के बाद इलाज कराने के लिए आने की कह कर गए हैं। ऐसे में कुपोषण के दंश से हम किस तरह नौनिहालों को बचा पाएंगे। यह बड़ा सवाल है। ऐसा नहीं है कि कुपोषण ग्रामीण इलाकों में ही फैल रहा है बल्कि इसका असर अब शहरी आबादी में भी तेजी से बढ़ रहा है। क्योंकि शहर के बाहरी हिस्से में ज्यादातर गरीब और मजदूर तबके के लोग रहते हैं जो दिन भर मजदूरी में ही व्यस्त रहते हैं और अपने बच्चों पर ठीक से ध्यान नहीं दे पाते। जिन क्षेत्रों में हाल ही में कुपोषित बच्चे सामने आए हैं उनमें भीकम नगर, तारागंज, मुरार, अबाडपुरा, मेहरा कॉलोनी शामिल हैं।