ग्वालियर : डॉ. हरिसिंह यादव बने मप्र पुलिस सेवा निवृत्त राजपत्रित अधिकारी संघ के संयोजक, अशोक भदौरिया कार्यकारी संयोजक
ग्वालियर। मध्य प्रदेश पुलिस सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी संघ के नए संयोजक रिटायर्ड डीआईजी डॉ हरिसिंह यादव होंगे। संघ के सचिव के डी सोनकिया के मुताबिक पुलिस अफसर मैस ग्वालियर में संघ के सदस्यों की एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें डॉ हरिसिंह यादव को सर्वसम्मति से संयोजक के रूप में चुना गया है । श्री यादव द्वारा अशोक भदौरिया को कार्यकारी संयोजक नियुक्त किया गया। संघ के सदस्यों द्वारा माल्यार्पण कर डॉ. यादव व अशोक भदौरिया को करतल ध्वनि से स्वागत कर हार्दिक बधाइयां और शुभकामनाएं दीं गईं।
कार्यक्रम का संचालन सचिव के डी सो ने किया। जबकि मनोनयन प्रक्रिया का संचालन राकेश सिन्हा द्वारा साथ ही आभार आर एम दीक्षित द्वारा व्यक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश पुलिस सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी संघ विगत 25 वर्षों से कार्यरत है। पूर्व संयोजक स्वर्गीय रामलाल वर्मा आईपीएस के निधन उपरांत आर सी छारी आईपीएस सेवानिवृत्त एडीजी को संयोजक का दायित्व सौंपा गया था। श्री छारी द्वारा कुशलतापूर्वक संघ का संचालन किया गया, फिर स्वास्थ्य कारणों से उनके द्वारा दायित्व मुक्त होने की घोषणा पिछली बैठक में की गई थी। तभी से नए संयोजक हेतु संघ द्वारा मंथन किया जा रहा था। संघ के सदस्यों द्वारा आपसी चर्चा व विमर्श उपरांत डॉ. यादव को सेवा काल से ही सर्वथा योग्य, उपयुक्त व उत्कृष्ट नेतृत्वकर्ता अधिकारी के रूप में पाकर उन्हें ही निर्विरोध रूप से संयोजक चुन लिया गया।
ज्ञातव्य है कि डॉ. यादव मध्य प्रदेश पुलिस के उन जांबाज, साहसी व बहादुर अफसरों में से एक रहे हैं, जिन पर हमेशा विभाग ने, सरकार ने व जनता ने भरोसा किया। चंबल में डकैती समस्या बढ़ने पर उनकी समय-समय पर पद स्थापना की गई। चम्बल तथा विंध्य क्षेत्र में दस्यु उन्मूलन के क्षेत्र में उनकी अद्वितीय भूमिका रही है। असाधारण वीरता एवं अदम्य साहस के लिए राष्ट्रपति के चार-चार वीरता व सराहनीय सेवा पदकों से उन्हें नवाजा गया। चंबल क्षेत्र फिर विंध्यांचल को दस्युराज से मुक्त करने में डॉक्टर यादव की भूमिका अग्रणी रही है।
बैठक में महेंद्रसिंह तोमर सेवानिवृत्त आई जी, चेतराम सिंह भदौरिया, सुरेश दोहरे, मोहनलाल शर्मा, शैलेंद्र पांडेय, भगवान सिंह यादव, आर एस पटसारिया, हाकिम सिंह यादव, किशोर सिंह भदौरिया, महेंद्र प्रकाश शर्मा, धर्मवीर भदौरिया, सतीश दुबे, आर एन एस भदौरिया, शैलेन्द्र भारती, बी के अरोरा, अशोक उपाध्याय, सुरेश सिंह यादव, संजीव नागर आदि उपस्थित रहे।