PNT चौराहे पर अधेड़ के तीन हमलावर दबोचे
ग्वालियर। ग्वालियर में पड़ोसी से प्लॉट विवाद को लेकर रामवीर गुर्जर पर हमला करने के मामले में थाटीपुर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने तीन आरोपियों देवराज, प्रवल गुर्जर और विजय फागुना को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला और घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएशन कराया। हालांकि वारदात में शामिल पांच आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
दअरसल घटना 16 मई को थाटीपुर थाना क्षेत्र के PNT चौराहे की है। आधा दर्जन बदमाशों ने दुल्लपुर निवासी रामवीर गुर्जर पर हमला कर दिया था। रामवीर जब बच्चों के लिए पोहा लेने आया था, तभी बदमाशों ने उस पर बेरहमी से लाठी - डंडों से हमला कर दिया था। हमले के दौरान बदमाशों ने फायरिंग भी की थी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। रामवीर ने पड़ोसी पिंटू उर्फ उदय गुर्जर पर प्लॉट विवाद के चलते हमला कराने का आरोप लगाया था। हमले में रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को नामजद किया था और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी कुम्हार पुरा चौकी के पास देखे गए हैं। इसी के बाद पुलिस ने घेराबंदी करके तीन आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के नाम देवराज, प्रवल गुर्जर और विजय फागुना बताए गए हैं। पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने थाटीपुर चौराहे से लेकर घटनास्थल तक जुलूस के रूप में पैदल निकाला। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों से वारदात का सीन भी रिक्रिएट कराया। फिलहाल इस हमले में नामजद 5 आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
सोर्स ; बाइट- अतुल सोनी, सीएसपी, ग्वालियर
